प्रचंड गर्मी के बीच बारिश, सुनकर अजीब लगता है, लेकिन बिहार में ऐसा ही हो रहा है। मौसम दो तरह का हो गया है। कहीं लू का तो कहीं वज्रपात का खतरा है। मौसम विभाग को भी दोहरा अलर्ट जारी करना पड़ रहा है। आधा बिहार प्रचंड गर्मी से परेशान हो रहा है तो आधे में बारिश और वज्रपात से खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने लू और वज्रपात से जान को खतरा बताते हुए लोगों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने दक्षिण बिहार में लू और उत्तर बिहार में वज्रपात काे लेकर लोगों को अलर्ट किया है।

बिहार में गर्मी तोड़ रही रिकॉर्ड
बिहार में गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार की शाम तक मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहा। 24 घंटे में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44 डिग्री बक्सर और औरंगाबाद में रिकॉर्ड किया गया है। नवादा, गया, छपरा, जमुई और पटना में पूरे दिन आसमान से आग बरसती रही। गर्मी के कारण आम जन तबाह हो गई। सड़कों पर धूप के साथ ही सन्नाटा पसर जा रहा है। लू के कारण लोगों की हालत खराब हो रही है।

पूर्वी हवा के कारण लू की मार
मौसम विभाग के मुताबिक अभी भी पूर्वी एवं दक्षिणी पूर्वी हवा का प्रवाह पूरे राज्य में जारी है। इसकी रफ्तार 8 से 10 किलो मीटर प्रति घंटे की है। इसके साथ ही एक ट्रफ लाइन पश्चिमी उत्तर प्रदेश से उप हिमालय पश्चिम बंगाल की ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं बिहार से होकर गुजर रही है। इस मौसमी कारकों के प्रभाव से बिहार के आधे हिस्से में प्रचंड गर्मी तो आधे में बारिश का संयोग बन रहा है।मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार और रविवार को दक्षिणी भागों के औरंगाबाद, कैमूर, रोहतास, गया, नवादा, बांका और जमुई जिले को छोड़ बाकी सभी जिलों में बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश की पूरी संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार भी 30 से 40 किलो मीटर प्रति घंटे की है।

दक्षिण पश्चिम में लू की मार, उत्तर में बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि अभी प्रदेश के दक्षिणी भागों में सतह से 1.5 किलो मीटर पर गर्म पछुआ हवा का प्रवाह हो रहा है, इसलिए प्रदेश के औरंगाबाद, कैमूर, बक्सर और रोहतास जिलों में अगले 48 घंटे में लू की संभावना बनी है। इसलिए प्रदेश के दक्षिण पश्चिम भागों के नागरिकों को लू से बचाव को लेकर अलर्ट किया जा रहा है। वहीं शनिवार और रविवार को 30अप्रैल और एक मई को राज्य के उत्तरी भागों के लोगों को तेज रफ्तार हवा के साथ बिजली के चमकने और बारिश की संभावना को लेकर सतर्क रहने को लेकर अलर्ट किया गया है।

जानिए कैसा है अलर्ट
मौसम विभाग ने दक्षिण बिहार के लोगों को लू के दौरान दोपहर में घूर से बाहर नहीं निकलने को कहा है जबकि आंधी तूफान और वज्रपात की आशंका में उत्तर बिहार के लोगों को खराब मौसम में पक्के मकान में रहने को कहा है। आंधी तूफान और वज्रपात की स्थिति में बिजली के पोल और ऊंचे पेड़ के आस पास नहीं रहने की चेतावनी दी गई है। दोनों मौसम में ही लोगों को जान बचाने की अपील की जा रही है।