रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र में एक महिला को विद्युत पोल में बांधकर मारपीट का मामला सामने आया है। यद्यपि सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को मुक्त कराकर मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों में महिला का पति एवं ससुर भी शामिल हैं।

ये महिला पर चरित्रहीनता का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट कर रहे थे। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी आशीष भारती ने शनिवार को बताया कि रोहतास पुलिस को सूचना मिली कि शुक्रवार रात चेनारी थाना के सिंधपुर गांव में एक महिला को पोल से बांधकर कुछ लोगों द्वारा मारपीट किया जा रहा है।

सूचना प्राप्त होते ही चेनारी थानाध्यक्ष के नेतृत्व सिंघपुर गांव भेजा गया। यहां महिला को तत्काल मुक्त कराते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार लोगों में महिला का पति दीपक राम, उसका ससुर शिवपूजन राम उर्फ चिरकुट राम के साथ केदार राम, धीरेंद्र राम एवं नरेंद्र राम शामिल हैं। इसमें धीरेंद्र राम केदार राम का ही बेटा बताया जाता है। पांचों गिरफ्तार सिंधपुर गांव के है और आपस में गोतिया हैं।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी पांच ने मामले में अपनी संलिपत्ता स्वीकारी है। इनके निशानदेही पर मामले में शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। महिला के बयान पर चेनारी थाने में इनपर प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
