पटना। बिहार से लेकर पटना में हर तरफ खौफ ही खौफ है। जिसको जब मन कर रहा है गोली चला रहा है जब मन कर रहा हत्या कर दे रहा है। अपराधियों की सक्रियता से राजधानीवासी सकते में हैं। गुरुवार को बालू को लेकर पटना के मसौढ़ी में गोलियां तड़तड़ाईं। कररिया में अवैध बालू खनन को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान जमकर गोलीबारी हुई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस पहुंचने पर बवाल शांत हुआ। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।
बताया जाता है कि पुनपुन नदी घाट पर अवैध बालू खनन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। आए दिन यहां बालू खनन को लेकर लोग आमने सामने हो जाते हैं। गुरुवार को भी बालू खनन को लेकर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दो पक्ष आपस में भिड़ गए। बवाल होने लगा। इस दौरान गोलियां चलने लगीं। मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची।