पटना। पटना के आइजीआइएमएस को विश्वस्तरीय अस्पताल बनाया जाएगा। क्लीनिकल रिसर्च के लिए संस्थान के प्राध्यापकों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। ये बातें आइजीआइएमएस में निदेशक का प्रभार ग्रहण के बाद डा. आशुतोष विश्वास ने कहीं।
विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि वे संक्रमण और कई रोगों पर शोध करते रहे हैं। यूएस, यूके, आस्ट्रेलिया सहित कई देशों में कार्य करने का अनुभव रहा है। डब्ल्यूएचओ के साथ मिलकर लगातार कार्य कर रहे थे।
अब संस्थान के लिए भी विदेशी संस्थानों के साथ एमओयू करेंगे। तय समय में पूरी ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए रिसर्च व मरीजों की सेवा को सुदृढ़ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए डाक्टरों से नहीं, मरीजों से फीडबैक लेंगे। हम सर्विस प्रोवाइडर हैं। यदि ग्राहक रूपी मरीज संतुष्ट होकर जाते हैं तो संस्थान का नाम अपने आप हो जाएगा।
जरूरत हुई तो वह खुद ओपीडी में मरीजों को भी देखेंगे। पूरी योजना को एक-दो महीने में लागू किया जाएगा।
