मुजफ्फरपुर। साइंस फार सोसाइटी, राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद व बिहार काउंसिल आफ साइंस एंड टेक्नोलाजी के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए विषय व उपविषयों की सूची जारी कर दी गई है।
जिला समन्वयक डा.फूलगेन पूर्वे ने बताया कि वर्ष 2022-23 के लिए मुख्य विषय सभी के स्वास्थ्य एवं खुशहाली के लिए पारिस्थितिक तंत्र की समझ रखा गया है। इसके अंतर्गत पांच उप विषय रखे गए हैं।
उनमें अपने पारिस्थितिक तंत्र को जानें, सभी के स्वास्थ्य पोषण व खुशहाली को समृद्ध करना, पारिस्थितिक तंत्र व स्वास्थ्य के लिए सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वयं संतुष्टि के लिए पारिस्थिति तंत्र आधारित मार्ग व पारिस्थितिक तंत्र व स्वास्थ्य के लिए तकनीकी नवाचार रखा गया है।
बताया कि मुख्य विषय को ध्यान में रखकर बाल वैज्ञानिक प्रोजेक्ट तैयार करेंगे। इसमें 10 से 17 वर्ष के सरकारी व निजी स्कूल के बच्चे और स्वतंत्र छात्र-छात्राएं भी हिस्सा ले सकेंगी। दो बच्चों की टीम बनाकर शिक्षक से मार्गदर्शन ले सकते हैं।
कहा कि बाल वैज्ञानिकों को चाहिए कि इस बार अभी से प्रोजेक्ट तैयार करने में जुट जाएं। जिला स्तर पर बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन अक्टूबर में होगा। इसमें चयनित विद्यार्थी प्रमंडल और राज्य स्तर पर प्रतियोगिता में शामिल होंगे। उन्हें 27 से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में शामिल होने का मौका मिलेगा।
