बेतिया भारत सरकार के कार्मिक लोक शिकायत तथा पेंशन मंत्रालय की ओर से जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में आगामी 16 और 17 मई को आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में पश्चिम चंपारण के डीएम कुंदन कुमार शामिल होंगे।
सम्मेलन में आपदा को अवसर में बदलकर चनपटिया स्टार्टअप जोन की उपलब्धि पर व्याख्यान देंगे। इस सम्मेलन में देश के दस राज्यों में उत्तर भारत के आठ एवं पूर्वी भारत के दो राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। पीएमओ के प्रयास से यह सम्मेलन आयोजित हो रहा है।
इनोवेशन के क्षेत्र में यहां का प्ले एंड प्लग माडल पूरे देश में लागू होने जा रहा है। डीएम बताएंगे कि कोरोना की वजह से जब देश में कल- कारखाने बंद हुए, मजदूरों की रोजी- रोजगार छूटा और वे निराशा एवं अनिश्चितता की हालत में अपने- अपने घर लौटे। फिर किसी तरह से प्रशासनिक सहयोग की बदौलत वे मजदूर से मालिक बन गए।

डीएम ने बताया कि सम्मेलन में पूरे देश में सुशासन पर अब तक की सबसे अच्छी पहल पर चर्चा होनी है। ताकि उसे सरकार की प्रणाली में लागू किया जा सके। सम्मेलन का विषय ब्रिंगिंग सिटीजन एंड गवर्नमेंट क्लोजर टू एडमीनिस्ट्रटिव रिफार्म है।
सम्मेलन में प्रधानमंत्री सचिवालय के राज्य मंत्री डा. जितेन्द्र सिंह भी मौजूद रहेंगे। यह आयोजन सुशासन एवं नव प्रवर्तन के क्षेत्र में पूरे देश में अतिमहत्वपूर्ण माना जा रहा है।

