नितिन गडकरी देंगे सिक्‍स लेन पुल की सौगात, पटना से दिल्‍ली का सफर होगा आसान

भोजपुर। बिहार को आज सिक्‍स लेन पुल की सौगात मिलने वाली है। भोजपुर जिले के कोईलवर और पटना जिले के बिहटा के बीच प्रो.अब्दुल बारी पुल के समानांतर बना नया पुल न केवल जाम की समस्या को खत्म करेगा, बल्कि सूबे की राजधानी पटना से देश की राजधानी दिल्ली तक के सफर को भी आसान बनाएगा।

पुल की लंबाई डेढ़ किलोमीटर तथा चौड़ाई 30 मीटर है। पुल के तीन लेन के अप स्ट्रीम हिस्से का 10 दिसंबर 2020 में उद्घाटन हुआ था। केवल अप स्ट्रीम के ही चालू होने से ही सोन नद पार करने में जाम की समस्या काफी कम हो गई थी। आज केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी इस पुल के शेष तीन लेन का भी उद्घाटन करेंगे।

 

इस सिक्‍स लेन पुल को बिहटा की ओर से फोर लेन सड़क बनाकर कनेक्टिविटी दी गई है। वहीं, पश्चिमी हिस्से में यह आरा-बक्सर फोरलेन से यह जुड़ा है। पुल के जिस बचे हुए लेन का आज शनिवार को उद्घाटन हो रहा है, उसके निर्माण में 266 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। हालांकि, दोनों लेन और दोनों तरफ एप्रोच रोड मिला कर पुल के निर्माण में 825 करोड़ रुपए की लागत आई है।

उदघाटन समारोह को भव्य बनाने के लिए उदघाटन स्थल कोईलवर तारा मणि भगवान साव प्लस टू विद्यालय के खेल मैदान को सजाया संवारा गया है। 20 हजार स्कवायर फीट में सजावट, मंच व शेड बना है।

 

पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास 27 जुलाई 2017 को केंद्रीय मंत्री सह आरा सांसद आर के सिंह ने किया था। पांच वर्षों में पुल का निर्माण कार्य पूरा हुआ है। पुल के रास्ते आने वाले समय में दिल्ली से पटना तक का सफर भी आसान हो जाएगा।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading