मुजफ्फरपुर : पड़ोसी देश नेपाल में गौर नगरपालिका के नवनिर्वाचित मेयर शंभू साह के समर्थकों में खुशी की लहर है। इस दौरान शंभू साह के मेयर चुने जाने पर समर्थकों ने उनको फूलमाला पहनाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया वहीं भगवान से मेयर की सफलता के लिए कामना की गई।
समर्थकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया। वहीं शंभू साह ने मेयर चुने जाने पर गौर की जनता को ह्दय से बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिस उम्मीद से गौर की जनता ने उन्हें चुना है उस पर शत-प्रतिशत खड़े उतरेंगे।
उन्होंने गौर के धरोहर आइसमिल को खेलकूद मैदान के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही शिक्षा स्तर में आई गिरावट को दुरूस्त कर सुधार की बात कही। जबकि लोगों के समुचित इलाज के लिए अस्पतालों में सुधार कर स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरूस्त करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि किसानों की लंबित समस्याओं को दूर करने के साथ फसलों की सिंचाई के लिए हरसंभव व्यवस्था होगी। इसके अलावा गौर में गरीबी को दूर करने के लिए भी सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही लड़कियों की शादी के लिए कोष बनाकर हरसंभव मदद किया जाएगा।
मेयर शंभू साह ने कहा कि उनके द्वारा जारी मेनीफेस्टो को एक महीने बाद से एक-एक कर पूरा किया जाएगा। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। इस मौके पर भारी संख्या में मेयर के समर्थक मौजूद रहे।

