PATNA : 18 साल बाद रणजी में पदार्पण करते हुए बिहार ने मिजोरम को 213 रनों से हराया

पटना। 18 साल बाद रणजी में पदार्पण करते हुए बिहार ने साल 2019 का आगाज मिजोरम पर एक पारी और 216 रनों की विशाल जीत से किया। मंगलवार को असम के जोरहट में संपन्‍न इस सत्र के अपने सातवें मुकाबले में बिहार की यह रिकॉर्ड लगातार पांचवीं जीत है। इस जीत से उसे प्‍लेट ग्रुप में बोनस समेत सात अंक मिले। अंक तालिका में वह 34 अंकों के साथ दूसरे स्‍थान पर है। उत्तराखंड सात मैचों में 37 अंक लेकर शीर्ष पर कायम है। नए साल के पहले दिन बिहार को पारी की जीत के लिए पांच विकेट की दरकार थी, जिसे उसने खेल के पहले ही घंटे में मिजोरम की दूसरी पारी को 147 रनों पर समेट कर हासिल कर ली। पहली पारी में शानदार शतक जमाने वाले आशुतोष अमन ने मिजोरम की दूसरी पारी में अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से कहर बरपाया और 28 रन देकर पांच विकेट लिए। इसके साथ ही गया के स्‍टार खिलाड़ी ने लगातार पांचवें मैच में मैन ऑफ द मैच का पुरस्‍कार पाने का रिकॉर्ड भी बनाया।

2018 के अंतिम दिन तय हो गई थी हार

बिहार ने पहली पारी में नौ विकेट पर 440 रन बनाकर घोषित कर दी थी। इसके बाद बिते साल के अंतिम दिन 31 दिसंबर को समर कादरी ने छह और अभिजीत साकेत ने तीन विकेट लेकर मिजोरम की पारी को 77 रनों पर पवेलियन भेजकर उसकी कमर तोड़ दी। फिर रही-सही कसर फालोऑन के बाद मिजोरम की दूसरी पारी में 81 रनों पर पांच विकेट गिरने से पूरी हो गई। मंगलवार को मिजोरम को पारी की हार टालने के लिए 282 रनों की और जरूरत थी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। आशुतोष अमन और समर कादरी की जुगलबंदी के आगे पूरी टीम पस्‍त नजर आई। तरुवर कोहली ने जरूर ७६ रनों की पारी खेलकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन शेष बल्‍लेबाजों का हाल बुरा रहा। बिहार का अगला मुकाबला पटना के मोइनुल हक स्‍टेडियम में सात जनवरी से मणिपुर से होगा।
लगातार मैच जीतने के पुराने रिकॉर्ड से आगे बढ़ा बिहार

बिहार ने मिजोरम को हरा लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। इसके पहले लगातार तीन रणजी मैच जीतने का तीन बार का रेकार्ड बिहार के नाम था। जिसे पिछले मैच में नगालैंड को हरा उसने पार कर लिया था। मंगलवार को उस रिकॉर्ड को और मजबूत करते हुए उसने वर्तमान सत्र में पांच लगातार मैच जीतने का रिकार्ड बनाया। 1994-95 में आखिरी बार लगातार तीन रणजी मैचों में बिहार ने त्रिपुरा, असम और सौराष्ट्र हराया था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading