शेखपुरा में 24 मई को हुई प्लंबर मिस्त्री हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में शामिल आरोपी दंपती संतोष साह (42) और उसकी पत्नी रेखा देवी (38) को शनिवार देर रात शेखपुरा से गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने अपना गुनाह कबूल किया। लेकिन जो बातें दोनों ने बताई, वो चौकानें वाली थीं। दंपती ने कहा कि अपनी बेटी को एक अधेड़ की बुरी नजर से बचाने के लिए हम दोनों ने ऐसा किया। हम दोनों ने प्लान बनाकर उसका मर्डर किया।

पुलिसिया पूछताछ में संतोष ने बताया कि प्लंबर मिस्त्री चंद्रशेखर प्रसाद (55) मेरी पत्नी को बहला-फुसलाकर उससे अवैध संबंध बनाया था। इतना ही नहीं वह मेरी 15 साल की बेटी के साथ भी संबंध बनाना चाहता था।

5 बच्चों के पिता होने के बावजूद वह मेरी बेटी से शादी करना चाहता था। संतोष ने बताया कि पहले तो चंद्रशेखर से पीछा छुड़ाने की काफी कोशिश की लेकिन जब कोई रास्ता नजर नहीं दिखा तो रास्ते से हटाने की ठान ली। इसके बाद अपनी पत्नी रेखा के साथ मिलकर प्लान बनाया।

संतोष के अनुसार, हम लोग पटना से गांव (शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र स्थित पांची) गांव आ गए। 23 मई को रेखा ने चंद्रशेखर को फोन करके गांव बुलाया। इसके बाद उससे कहा कि रात में गांव से बाहर अपने बगीचे में पार्टी रखा गया था। रात में गांव से बाहर बगीचे में ले गए। वहां पार्टी के दौरान उसे शराब पिलाई। जब वह नशे में धुत्त हो गया तो पत्थर से कूच कर उसे मार डाला।

झाड़फूंक करने के बहाने जाल में फंसाया
हत्या के बाद दंपती वापस पटना आ गया। 24 मई को पुलिस ने लावारिस हालत में चंद्र शेखर की लाश बरामद की। इसके बाद पुलिस छानबीन करने पटना पहुंची तो मामले का खुलासा हुआ। संतोष ने बताया कि वह अपने परिवार को लेकर पटना में रहता था। वहां मजदूरी कर अपनी रोजी-रोटी चलाता था। इसी दौरान चंद्रशेखर झांडफूंक करने के बहाने हम लोगों के करीब आया।

मैं जब काम पर जाता तो वह मेरे घर आ जाता था। इसके बाद बहला-फुसलाकर मेरी पत्नी को अपने जाल में फंसाया और अवैध संबंध भी बनाया। फिर एक दिन उसने मेरी बेटी से शादी करने का प्रस्ताव रखा। हम लोगों ने जब विरोध किया तो वह धमकाने लगा। तंग आकर हम लोगों ने ऐसा कदम उठाया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।