द’हेज़ नहीं लड़की स्लिम चाहिए, दूल्हे की अनवांटेड डिमांड: 25 किलो घटाने का टारगेट

पटना : शादी की परम्पराओं के साथ-साथ दूल्हों की डिमांड भी बदलने लगी हैं। पहले दूल्हे राजदूत की डिमांड करते थे, अब वो लड़की से वजन घटाने की मांग कर रहे हैं। सुनने में यह अटपटा लगेगा, लेकिन ऐसी ही डिमांड गुजरात के एक दूल्हे ने बिहार की दुल्हन से की है। दुल्हन ने महज 70 दिन में 12 किलो वजन घटाया जिसके बाद सगाई हुई। अब उसके सामने शादी के लिए 25 किलो वेट लॉस का चैलेंज है। ऐसी कहानी सिर्फ एक लड़की की नहीं, सैकड़ों लड़कियों की हैं।

पटना के राजेंद्र नगर की रहने वाली 25 साल की रेखा (बदला नाम) की शादी गुजरात के एक बड़े बिजनेसमैन के घर में तय हुई। बात पक्की हुई, लेकिन लड़की को देखते ही लड़के वालों ने मोटापे का कारण बताकर रिश्ता नामंजूर कर दिया। लड़की की लंबाई 4.11 फिट है, लेकिन वजन 74 किलो था। लड़के की मां ने शादी से सीधा मना कर दिया।काफी मान-मनौव्वल के बाद लड़के की मां मानी तो यह शर्त रखी कि अगर वजन कम हो जाए तो शादी कर सकते हैं। लड़की ने हार नहीं मानी और इसे चैलेंज के रूप में लिया। लड़की डाइटीशियन के पास गई और डाइट चार्ट बनवाने के साथ-साथ वर्क आउट शुरू कर दिया।

डाइटीशियन से जानिए वजन घटाने का राज
लड़की के डाइटीशियन सुधाकर मिश्रा ने बताया, ‘लड़की मेरे पास 4 महीने पहले आई थी। उम्र और लंबाई के हिसाब से उसका वजन काफी अधिक था। लड़की की वजन 47 से 48 किलो होना चाहिए था, जो 74 किलो पहुंच गया था।’उनका कहना है कि इस लड़की में वजन घटाने के लिए जिद थी और इसी जिद से उसने खुद को बदल दिया। डाइटीशियन ने डाइट के साथ एक्सरसाइज का पूरा प्लान दिया, इस पर वह पूरी ईमानदारी से वर्क आउट करती रही। महज 70 दिन में ही उसने 12 किलो वजन घटा लिया और फिर लड़के वालों को इसकी जानकारी दी गई।

लड़के वालों को लड़की की यह जिद पसंद आई और 12 किलो वजन घटाने के बाद उसकी सगाई धूमधाम से की गई। सुधाकर ने बताया कि अब लड़की की जिद है कि वह 25 किलो वजन कम करने के बाद ही शादी करेगी। अभी उसका वजन 61 किलो हो गया है।

कोरोना के कारण काफी बढ़ गया था वजन
सुधाकर मिश्रा का कहना है कि लड़की को कोविड हुआ था। इलाज के दौरान स्टेरॉयड और अन्य दवा के कारण उसका वजन काफी बढ़ गया था। एरोबिक और डांस के बाद भी उसका वजन कम नहीं हो रहा था। पूरी दिनचर्या बदली गई और डाइट से लेकर हर गतिविधि का पूरा रुटीन तय किया गया। सुबह सोकर उठने के बाद से रात में सोने तक का चार्ट बनाया गया जिस पर काम कर लड़की ने वजन घटाया है। सुधाकर मिश्रा का कहना है कि लड़की की जिद ने उन्हें भी काफी प्रभावित किया और ऐसे केस में वह लड़की को नजीर के रूप में बताते हैं।

रिश्ता टूटने के बाद डिप्रेशन में चली गई
वहीं, आरा की 23 साल की ललिता (बदला हुआ नाम) के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था। पहले तो उसकी शादी पिछले साल रोहतास के एक लड़के से तय हो गई। लड़के वालों ने उसे देखने के बाद शादी के लिए ना कर दिया और कारण लड़की के मोटापे को बताया। ललिता के पिता बताते हैं कि जब लड़के वाले उनकी बेटी को देखने आए थे तब देखने के बाद कहा था कि उन्हें पतली लड़की चाहिए जो उनके बेटे के साथ अच्छी लगे।उस दौरान 5 फीट 2 इंच लंबी ललिता का वजन 79 KG था। कई जगह से रिश्ता टूटने के बाद ललिता डिप्रेशन में चली गई। पिता ने बताया कि बेटी का काउंसिलिंग करना पड़ा जिसके बाद वह धीरे-धीरे अपने सामान्य जीवन के वजन कम करने के लिए मेहनत कर रही हैं।

जानिए, शादी में कैसे बाधा बन रहा मोटापा
मिश्रा का कहना है कि हर दिन ऐसे मामले आते हैं, जिसमें मोटापा के कारण बेटियों की शादी की चिंता में घर वाले परेशान होते हैं। मोटापा के कारण बेटियों को शादी ही नहीं उसके बाद भी काफी समस्या है। मोटापा कम करने के लिए सबसे पहले सेल्फ मोटिवेशन होना चाहिए। एक लक्ष्य बनाकर ही काम करना चाहिए। इसे जबरदस्ती नहीं कराया जा सकता है। इसके साथ लाइफ को एक रुटीन पर चलाना होता है। इसमें खाने से लेकर सोने तक का समय तय रहता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading