औरंगाबाद : IPL में सट्टा लगाकर जीतने के बाद पैसा मांगना एक युवक को महंगा पड़ा गया। उक्त युवक को बदमाशों ने चाकू गोदकर हत्या कर दी। घटना टंडवा थाना क्षेत्र के रामनगर बधार की है। परिजनों के अनुसार, यह पूरी वारदात सट्टा जीतने के बाद पैसे मांगने के विवाद में हुआ है।

सुबह खेत गए ग्रामीण तो हुआ मामले का खुलासा
मृतक 20 वर्षीय संदीप कुमार टंडवा थाना क्षेत्र के महुअरी गांव का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले के तहकीकात में जुट गई है। दरअसल, बुधवार की सुबह रामनगर गांव के कुछ लोग शौच करने के लिए खेत गए तो देखा कि एक शव पड़ा है।

जब नजदीक जाकर देखा तो उसके शरीर पर कई जगह चाकू गोदा हुआ है और उसकी मौत हो चुकी है। तत्काल इसकी सूचना पुलिस व गांव के अन्य लोगों को दी गई।

रात में घर से बुलाया और कर दी हत्या
मृतक के परिजनों के अनुसार, IPL के फाइनल मुकाबले में संदीप ने पैसा गांव और आसपास के कुछ लड़कों के साथ लगाया था। इसमें वह जीत गया। जीतने के बाद से ही वह पैसा मांग रहा था। इससे पैसा हारने वाले युवक नाराज हो गए और हत्या की साजिश रच डाली। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने घर से बुलाकर उसकी हत्या कर दी।

बिना बताए निकल गया घर से
परिजनों के अनुसार, संदीप मंगलवार को घर पर था। उसके घर पर कोई नहीं है। दो छोटे-छोटे भाई है। मां एक रिश्तेदार के शादी में शामिल होने के लिए रांची गई थी। रात में ही संदीप कब घर से निकला और किसने बुलाया, यह किसी को पता नहीं। सुबह परिजनों को सूचना मिली कि उसका शव खेत में पड़ा है। चाकू गोदकर हत्या कर दी गई।
