पटना. पटना की नई एसएसपी गरिमा मलिक ने कहा कि पुलिस के लिए हर दिन चुनौतियों से भरा होता है। एसएसपी महिला हो या पुरुष इससे फर्क नहीं पड़ता। दोनों के लिए एक ही तरह की चुनौतियां होती हैं। अपराध को रोकना और अपराध होने पर अपराधियों को गिरफ्तार करना, समाज में शांति बनाए रखना ही चुनौती है।
2006 बैच की बिहार कैडर की आईपीएस गरिमा मलिक 4 जनवरी को पटना की एसएसपी के तौर पर पदभार ग्रहण कर लेंगी। पहली जनवरी को उनका तबादला दरभंगा एसएसपी से पटना एसएसपी के तौर पर कर दिया गया था। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में गरिमा ने कहा कि पटना की ग्रामीण एसपी के रूप में काम कर चुकी हू्ं। वहां के नेचर ऑफ क्राइम से अनजान नहीं हूं। यह सही है कि अन्य जिलों की अपेक्षा पटना एसएसपी की चुनौतियां अधिक हैं।

कहा- सीनियर और जूनियर अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर अपराध को रोकने की हरसंभव कोशिश करूंगी। पुलिस और पब्लिक के बीच बेहतर संबंध बनाने का प्रयास करूंगी ताकि पुलिस को पब्लिक से सही इनपुट मिले जिससे अपराधियों की नकेल कसी जा सके। यह पूछे जाने पर कि राजधानी से सटे नौबतपुर के अलावा पटना सिटी इलाके में अपराध की वारदातें बढ़ रही हैं, उससे कैसे निपटेंगी, उसपर कहा- योगदान देने के बाद इन इलाकों में हो रही आपराधिक वारदातों को रोकने के लिए पुलिस अधिकारियों की टीम लगाई जाएगी। सीनियर अफसरों से सलाह लेकर कार्रवाई की जाएगी। अपराधी चाहे जो भी हो, उसे किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
यह पूछे जाने पर कि कई बड़ी घटनाओं का खुलासा हो चुका है लेकिन कई आरोपी फरार चल रहे हैं, उनकी गिरफ्तारी कैसे होगी, उसपर गरिमा ने कहा कि ऐसे मामलों को समझने के बाद कुछ कह पाऊंगी।