नई दिल्ली. लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने गुरुवार को तेदेपा के 12 सांसदों को निलंबित कर दिया। ये सभी सांसद चर्चा के दौरान वेल में आकर हंगामा कर रहे थे। स्पीकर ने इस पर नाराजगी जताते हुए सांसदों को चेतावनी भी दी थी। लेकिन वे नहीं माने। हंगामें की वजह से संसद की कार्यवाही भी दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
बुधवार को सस्पेंड हुए थे अन्नाद्रमुक के सांसद
दरअसल, लोकसभा में गुरुवार को राफेल डील पर चर्चा जारी है। इस दौरान सदन में जमकर हंगामा हो रहा है। एक दिन पहले भी स्पीकर ने रूल 374ए के तहत अन्नाद्रमुक के 24 सांसदों को पांच दिन के लिए निलंबित किया था। रूल 374ए स्पीकर को सदन की कार्यवाही बाधित करने वाले सदस्यों को निलंबित करने का अधिकार देता है।

विरोध करना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार: एआईएडीएमके सांसद
अन्नाद्रमुक के निलंबित सांसद एम थंबीदुरई ने कहा कि चुनाव नजदीक आ रहे हैं। भाजपा तमिलनाडु में भी कुछ सीटें जीतना चाहती है, इसलिए कर्नाटक में मेकेदातु डेम परियोजना को मंजूरी दी गई। विरोध करना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है, सरकार की ओर से हमारे सवालों पर कोई जवाब नहीं दिया गया।