धनबाद में कोयला नगर में चल रही संयुक्त केंद्रीय आर्म्स पुलिस बल की बहाली में बुधवार को शामिल होने आए एक अभ्यर्थी का अंगूठे का निशान व फोटो का मिलान बायोमीट्रिक रिकार्ड से नहीं हो सका।

अभ्यर्थी को फर्जी मान कर सीआईएसएफ ने उसे सरायढेला थाना के सुपुर्द कर दिया। सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट ओम कुमार तंवर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी है।

पुलिस को दिए आवेदन में ओम कुमार तंवर ने बताया कि कटिहार जिले के बकिया दियारा बरारी निवासी रवि कुमार भर्ती केंद्र पर अंगरक्षक/जीडी की भर्ती में शामिल होने आया था।

उसका बॉयोमीट्रिक मशीन से थम्ब (अंगूठे का निशान) और फोटो मैच नहीं हुआ। बहाली के लिए दिए प्रमाण पत्र के संबंध में पूछने पर भी वह सटीक जानकारी नहीं दे पाया।

सीआईएसएफ ने आरोपी से 10वीं और 12वीं के अंकपत्र व सर्टिफिकेट से जुड़ी जानकारियां मांगी। बोर्ड में एच्छिक विषय और परीक्षा परिणाम के संबंध में भी उसने गलत जानकारी दी। शक होने पर पुलिस ने रवि कुमार को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी से मामले में जानकारी ले रही है। गुरुवार को उसे पुलिस जेल भेजेगी।
