नई दिल्ली। भारतीय ओपनर बल्लेबाज लोकेश राहुल के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज बेहद बुरा साबित हो रहा है। टेस्ट क्रिकेट में लोकेश राहुल लगातार फेल हो रहे हैं और सिडनी में भी उनकी खराब बल्लेबाजी जारी रही। पहले दो टेस्ट मैच में फेल रहे राहुल को तीसरे टेस्ट मैच में टीम से बाहर कर दिया गया था लेकिन तीसरे टेस्ट मैच में मुरली विजय के खराब प्रदर्शन के बाद एक बार फिर से टीम मैनेजमेंट और कप्तान ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें ओपनिंग करने का मौका दिया पर वो फिर से फेल रहे। सिडनी टेस्ट मैच की पहली पारी में वो सिर्फ नौ रन बनाकर आउट हो गए। राहुल ने पहले दो टेस्ट मैचों की चार पारियों में 2,44,2,0 रन बनाए थे।
लोकेश राहुल के पास इस मैच की पहली पारी में खुद को साबित करने का बड़ा मौका था। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी। इस पिच पर गेंदबाजों के लिए ज्यादा कुछ था नहीं इस वजह से कप्तान कोहली ने ये फैसला किया था। हालांकि राहुल दो अंकों तक पहुंचने में नाकाम रहे लेकिन नौ रन में उन्होंने दो चौके लगाए। इसके बाद वो जोस हैजलवुज की ऑफ स्टंप से बाहर जाती एक गेंद को छेड़ दिया और पहले स्लिप में शॉन मार्श को आसान सा कैच थमा बैठे।

आउट होने के तुरंत बाद लोकेश राहुल सिडनी क्रिकेट ग्राउंड के नेट्स में पहुंच गए और बल्लेबाजी का अभ्यास करते देखे गए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज में ये पहला मौका नहीं है जब वो ऐसा करते देखे गए। इससे पहले एडिलेड टेस्ट मैच में जीत के बाद भी वो सीधे नेट्स पर पहुंच गए और अपनी बल्लेबाजी की लय को हासिल करने के लिए प्रैक्टिस करते देखे गए।
लोकेश राहुल के साथ इस वक्त कुछ ऐसा हो रहा है जो ठीक नहीं है। अच्छा यही है कि उन्हें कुछ वक्त के लिए खेल से ब्रेक लेना चाहिए ताकि जब वो वापसी करें तो पूरी तरह से तरोताजा रहें। अच्छा तो यही होगा कि वो भारत आएं और घरेलू क्रिकेट में खेलकर रन बनाएं और अपनी लय हासिल कर लें। अगर वो एक या दो बड़ी पारी खेलने में कामयाब हो गए तो वो फिर से अपनी पुरानी लय में वापस आ जाएंगे।