गया के गुरुआ थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित मिडिल स्कूल की बाउंड्री पर गुरुवार की रात बदमाशों ने पोस्टर चिपकाकर गुरुआ से राजद विधायक विनय कुमार की गोली मारकर हत्या कर देने की धमकी दी है। स्कूल की बाउंड्री पर विधायक के खिलाफ पोस्टर चिपकाए जाने की खबर शुक्रवार सुबह लोगों को मिली। खबर फैलते ही पोस्टर पढ़ने वालों की भीड़ जुट गई।

विधायक के खिलाफ पोस्टर चिपकाने की सूचना गुरुआ पुलिस को काफी देर बाद मिली। सूचना मिलते ही पुलिस पोस्टर को उखाड़कर थाने ले गई। मिली जानकारी के अनुसार गुरुआ मिडिल स्कूल के बाउंड्री पर गत रात्रि बदमाशों ने गुरुआ विधायक विनय कुमार के खिलाफ पोस्टर चिपका दिया। पोस्टर में लिखा है कि गुरुआ विधायक जातीयता करता है। नसेर गांव में अपने रिश्तेदार की मदद करता है। अपनी जाति के खिलाफ थाने में विधायक कोई केस दर्ज नहीं होने देता है।

पोस्टर में लिखा है कि गुरुआ विधायक सुधर जाए नहीं तो उनकी गोली मारकर हत्या कर दी जाएगी। पोस्टर में अन्य भी कई तरह के आरोप विधायक पर लगाए गए हैं। विधायक के खिलाफ पोस्टर चिपकाने की खबर फैलते ही लोग पोस्टर पढ़ने के लिए जुट गए। गुरुआ पुलिस पोस्टर को उखाड़कर थाने ले गई है।

क्या कहते हैं विधायक
गुरुआ के विधायक ने कहा कि पोस्टर किसने चिपकाया, इसमें कौन-कौन संलिप्त हैं। इसके बारे में पता लगाना पुलिस का काम है।
क्या कहते है थानाध्यक्ष
गुरुआ थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह से इस मामले पर पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि इसकी जांच की जा रही है। पुलिस जल्द पोस्टर चिपकाने वाले असामाजिक तत्वों को ढूंढ लेगी। इस तरह की घटना करने वालो को छोड़ा नहीं जाएगा।

विधायक के खिलाफ पोस्टर चिपकाने की चर्चा जोरों पर
गुरुआ में विधायक के खिलाफ पोस्टर चिपकाने और गोली मार देने की धमकी दिए जाने की चर्चा जोरों पर है। गुरुआ के चौक चौराहे, गली आदि जगहों पर यह चर्चा का विषय बना हुआ है।