पीएम मोदी ने तीन घंटे रुकवाई थी रूस-यूक्रेन की लड़ाई,पूर्व केंद्रीय मंत्री का दावा

पटना । पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को नरेंद्र मोदी सरकार के आठ साल पूरे होने के अवसर पर पटना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बड़ा दावा किया है। उन्‍होंने कहा कि रूस और यूक्रेन की लड़ाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन घंटे तक रुकवा दी थी ताकि यूक्रेन में रह रहे भारतीय छात्रों को सुरक्षित निकाला जा सके। उन्‍होंने रूस के राष्‍ट्रपति ब्‍लादिमीर पुतीन और यूक्रेन के प्रेसिडेंट जेलेंस्‍की से बात की थी। युद्ध को रोकने के लिए कहा था।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि हमारा भारत स्‍वाभ‍िमानी और सुरक्षित भारत, गरीबों के साथ विकास करता हुआ भारत है। मीडिया से बातचीत में उन्‍होंने धारा 370 की चर्चा की।

कहा कि पहले इस धारा के कारण कश्‍मीर में भ्रष्‍टाचार का भारतीय कानून लागू नहीं होता था। न तो वहां शिक्षा के अधिकार का कानून लागू होता था और सिर पर मैला ढोने के खिलाफ। ओबीसी को आरक्षण का लाभ तक नहीं था। लेकिन हमारी सरकार ने ऐतिहासिक काम कर दिया।

कश्‍मीर की चर्चा करते हुए उन्‍होंने कहा कि पहले लद्दाख में चीन के कारण सड़कें नहीं बनती थीं। कोई निर्माण शुरू होने पर चीन उसे रोकवा देता था। तब दिल्‍ली का हवाला दिया जाता था। संसद में मुद्दा उठाया तो विदेश मंत्री ने कहा कि चीन को नहीं छेड़ना है। लेकिन आज क्‍या हो रहा है। कश्‍मीर, अरुणाचल प्रदेश से लेकर हर सीमावर्ती इलाके में सड़कें बन गई हैं।

पूर्व कानून मंत्री ने सरदार पटेल, सुभाष चंद्र बोस, बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा लगाए जाने की  चर्चा भी की। भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश अध्‍यक्ष डा. संजय जायसवाल, राज्‍यसभा सदस्‍य विवेक ठाकुर, मंत्री निति‍न नवीन, विधायक डा. संजीव चौरसिया समेत अन्‍य पार्टी नेताओं ने भी विचार रखे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading