पटना। बिहार आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा देने के लिए विकसित किए जाने वाले लग्जरी ढाबा, रेस्तरां व अन्य सुविधा केंद्रों में काम करने वाले कर्मियों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा।
पर्यटन विभाग कुक, वेटर, रिसेप्शनिस्ट के साथ हाउस कीपिंग कर्मियों को भाषा पाठ्यक्रम व उद्यमी विकास कार्यक्रम से जुड़ा प्रशिक्षण प्रदान करेगा। इसपर करीब 4.50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसका उद्देश्य रेस्तरां कर्मियों को पर्यटक फ्रेंडली बनाना होगा। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के खान-पान और अन्य सुविधाओं से जुड़ी जरूरतों के बारे में कर्मियों को जानकारी दी जाएगी, ताकि वह मानक के अनुसार सुविधा दे सकें।
पर्यटन विभाग ने योजना के अंतर्गत करीब 3200 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। कर्मियों को इंडियन होटल मैनेजमेंट, हाजीपुर और बोधगया में प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।

औसत 15 हजार रुपये प्रति प्रशिक्षणार्थी की दर से प्रशिक्षण दिया जाएगा। पर्यटन केंद्रों तक जाने वाली सड़कों के चिह्नित ढाबा-रेस्तरां व सुविधा केंद्रों के कर्मचारियों व प्रबंधन से जुड़े लोगों के लिए निश्चित अंतराल पर प्रशिक्षण मिलेगा।
इसके लिए विभाग की ओर से मासिक, त्रैमासिक और वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का कैलेंडर भी जारी किया जाएगा।
