मुजफ्फरपुर। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शहर की सफाई व्यवस्था को स्मार्ट बनाने के लिए इंटेलिजेंट सालिड़ वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके तहत घर-घर से कूड़ा उठाव की मानीटरिंग के लिए सभी मकान पर क्यूआर कोड लगेगा।
घर से कूड़ा उठते ही मकान मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर व कंट्रोल रूम में मैसेज चला जाएगा। सफाई गाडिय़ों में जीपीएस लगाकर मानीटरिंग होगी। स्मार्ट सिटी कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने इसपर सहमति दे दी है। इसी के तहत मुजफ्फरपुर शहर में यह व्यवस्था शुरू करनी है। इसके लिए राशि नगर निगम देगी।
सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से स्मार्ट सिटी मुजफ्फरपुर बोर्ड आफ डायरेक्टर्स की बैठक हुई। पिछली बैठक में बैरिया बस स्टैंड व आडिटोरियम का जीर्णोद्धार का टेंडर बुडको से कराने की सहमति बनी थी। इस पर भी चर्चा हुई। 31 मार्च तक स्मार्ट सिटी जो टेंडर नहीं कर सकी है। अब वह टेंडर करने का अधिकार स्मार्ट सिटी को नहीं है।
इंटेलिजेंट साॅलिड़ वेस्ट मैनेजमेंट पटना में लागू किया गया है। इसके लिए नगर निगम साढ़े पांच करोड़ की राशि देगी। प्रोजेक्ट पर काम स्मार्ट सिटी को करना है। इस व्यवस्था के लागू होने से शहर में घर-घर से कूड़ा उठने लगेगा। क्यूआर कोड लगने के बाद कंट्रोल से इसकी मानीटरिंग हो जाएगी कि किस-किस घर से कूड़ा नहीं उठा। सफाई गाड़ी अपने निर्धारित इलाके के बाहर नहीं जाएगी।

