जितनी तेजी से दुनिया टेक्नोलॉजी के मामले में बढ़ रही है, लोगों की मुसीबत भी दिन प्रतिदिन तेजी से बढ़ रही है। अभी हाल ही में मुंबई के एक व्यापारी को सिम कार्ड स्वैपिंग के जरिए 1.86 करोड़ का चूना लगाया था, वहीं अब इंडियल आइडल की प्रतिभागी अवंती पटेल और उनकी बहन के बैंक अकाउंट से साइबर चोरों ने करीब 2 लाख रुपये उड़ा लिए हैं। खास बात यह है कि यह चोरी यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) के जरिए की गई है। आइये अब नज़र डालते है इस पूरी घटना पर, सबसे पहले आपको बता दें कि अवंती पटेल इंडियन आइडल 10 की प्रतिभागी रही हैं और एक बॉलीवुड सिंगर भी हैं।रिपोर्ट के मुताबिक अवंति और उनकी बहन के खाते से 1 लाख 70 हजार रुपये गायब हो गए हैं। बताया जा रहा है कि यह चोरी UPI ऐप के जरिए की गई है। उन्होंने इस संबंध में मुंबई के सायन पुलिस स्टेशन शिकायत दर्ज कराई है। अवंती ने किया था डेबिड कार्ड के लिए अप्लाई

अवंती ने नए डेबिट कार्ड के लिए आवेदन किया था जिसे बैंक द्वारा अभी तक एक्टिवेट नहीं किया गया है। इसी बीच उनके नंबर पर पंकज शर्मा नाम के एक शख्स ने कॉल किया और खुद को बैंक का कर्मचारी बताया। इसके बाद अवंती ने उसे अपने बैंक अकाउंट के बारे में पूरी जानकारी दे दी। उन्होंने उसे अपने पुराने डेबिट कार्ड के सीवीवी नंबर समेत सभी जानकारी दे दी। इसके बात उनके नंबर पर फिर से कॉल आया और ओटीपी बताने के लिए कहा गया और यहीं से खेल शुरू हुआ।
ओटीपी बताने के साथ ही उनके नंबर पर दूसरा मैसेज आया जिसे देखकर उनका होश उड़ गया। मैसेज में अकाउंट से 50 हजार रुपये कटने की जानकारी थी। इसके बाद तीन बार में कुल 1.50 लाख रुपये उनके अकाउंट से गायब हो गए। गौर करने वाली बात यह है कि उस व्यक्ति ने अवंती को फिर से फोन किया।
पंकज ने अवंती को फिर से फोन किया और कहा कि चिंता करने की कोई बात नहीं है। पूरे पैसे उनके अकाउंट में फिर से आ जाएंगे। इसके बाद पंकज ने अवंती से गारंटर के तौर पर उनकी बहन के बैंक अकाउंट की पूरी जानकारी मांगी और बहन के अकाउंट से भी 50,000 रुपये उड़ा लिए।