एडवाइजरी कमेटी ने रोड-नाले की दुर्गति पर जताई नाराजगी:सदस्यों ने ड्रेनेज का पानी बूढ़ी गंडक में छोड़ने का दिया सुझाव

मुजफ्फरपुर : मोतीझील, तिलक मैदान रोड, छोटी सरैयागंज समेत शहर के कई स्थानों पर नाला बनाने को लेकर सड़क खोद कर छोड़ देने से शहर के लोगों की परेशानी को देखते हुए स्मार्ट सिटी एडवाइजरी कमेटी ने गहरी नाराजगी जताई है। तीन माह से मोतीझील की दुर्गति को लेकर कमेटी ने स्मार्ट सिटी अधिकारियों से कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। इंटेलिजेंस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत शहर में चप्पे-चप्पे पर सीसी कैमरा व ट्रैफिक लाइट लगाने की जगह रोड व नाला पहले बनाने का कमेटी ने सुझाव दिया।

शनिवार को नगर भवन में स्मार्ट सिटी के सीजीएम राजेश सिन्हा की अध्यक्षता में एडवाइजरी कमेटी की बैठक हुई। कमेटी के मुख्य अतिथि सांसद अजय निषाद ने स्मार्ट सिटी अधिकारियों को प्रोजेक्ट में तेजी लाने का सुझाव दिया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे सीजीएम राजेश सिन्हा ने शहर में चल रही 18 योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार श्रावणी मेला में 14 स्थानों पर लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा।

शहर में 153 करोड़ के प्रोजेक्ट से सीसी कैमरा व 27 स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाया जा रहा है। सभी जगह पोल लगाकर तैयार कर दिया गया है। कमेटी के मेंबर राजद नेता इकबाल मोहम्मद शमी ने कहा कि शहर को रोड व नाला चाहिए।

ट्रैफिक सिस्टम और सीसी कैमरा की जरूरत नहीं है। स्मार्ट सिटी अधिकारी ने बताया कि शहर की सुरक्षा व ट्रैफिक को लेकर यह काफी अहम प्रोजेक्ट है। 25% से ज्यादा काम पूरा हो गया है। नाला व रोड बनाने में शिथिलता को लेकर सभी मेंबरों ने गहरी नाराजगी जताई।
सीजीएम द्वारा कमेटी को आश्वस्त किया गया कि सभी निर्माण एजेंसियों को इस को लेकर नोटिस दिया गया है। उनका पेमेंट रोक दिया गया है। एनओसी नहीं मिलने व अतिक्रमण समेत कई अन्य बाधा की वजह से काम में विलंब हुआ। अब काम में पहले से तेजी आई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.