वैशाली जिले के रोहणा की रहने वाली अनुपमा ने अपने प्रेमी अमन से लव मैरेज किया। दोनों से घर से भागकर 18 जून को पहले मंदिर में शादी की। फिर कोर्ट में। इस बीच उसके पिता ने थाना में अपहरण का केस उसके पति समेत अन्य ससुराल वालों पर करा दिया।

जब पुलिस की दबिश बढ़ी तो दोनों नवविवाहित जोड़े परेशान हो गए। घर से दूर किसी तरह कभी होटल तो कभी दोस्त के यहां रात गुजारने लगे। लेकिन, शादी के बाद दोनों ने अबतक सुकून की सांस नहीं ली। अब युवती अपने पति को बचाने के लिए आगे आ गयी है। अपने अधिवक्ता के माध्यम से IG से मिलकर गुहार लगा रही है।

युवती ने कहा कि अमन मुजफ्फरपुर के सरैया का रहने वाला है। दोनों दो साल से एक दूसरे से प्यार करते थे। लेकिन, लड़की के घरवालों को ये रिश्ता मंजूर नहीं था। लड़की पर जब परिजन का दबाव बढ़ा तो दोनों ने घर से भागकर शादी करने का फैसला लिया। इसी महीने दोनों अपने-अपने घरों से बिना किसी को बताए चुपके से निकल गए। फिर वैशाली में ही एक मंदिर में शादी रचाई।

साक्ष्य के लिए किया कोर्ट मैरेज
अधिवक्ता ने कहा कि युवती ने उनसे संपर्क किया और कोर्ट मैरेज करने की बात बताई। युवती और युवक दोनों बालिग हैं। आधार कार्ड से बर्थ डेट का सत्यापन करने के बाद कोर्ट मैरेज कराया गया। इस बीच पता लगा कि लड़की के मायके वालों ने अपहरण का केस कर दिया है। वह काफी परेशान हो गयी। युवती ने ये भी आरोप लगाया कि उसके पिता समेत अन्य मायके वाले ससुराल में जाकर तोड़फोड़ कर रहे हैं और धमकी भी दे रहे हैं।

कहा-हमने अपनी मर्जी से की शादी
युवती ने अपने पिता और पुलिस से अपील करते हुए कहा कि हमको कोई भगाकर नहीं ले गया है। हमने अपनी मर्जी से शादी की है। हम और अमन काफी खुश है। आपलोग हमें परेशान नहीं करें। हमे खुशहाल जिंदगी जीने दें। युवती का आरोप है कि घरवाले उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।

उसने पुलिस से भी गुहार लगाई है कि कृपया केस को वापस ले लें। कोई कार्रवाई नहीं करें। सरैया पुलिस का कहना है युवती का कोर्ट में बयान दर्ज होगा। कोर्ट का जो आदेश होगा। उसे माना जायेगा।
