झारखंडी गाने पर अमेरिकी हॉकी खिलाड़ियों का डांस:भारतीय खिलाड़ियों के साथ नागपुरी गीत गुनगुनाया

झारखंड : अमेरिका गयी झारखंड की पांच हॉकी खिलाड़ियों ने वहां की खिलाड़ियों को झारखंड के गाने पर जमकर डांस कराया। झारखंड की स्थानीय भाषा नागपुरी का एक हिट गाना बज रहा है। जिसमें झारखंड की खिलाड़ियों के साथ-साथ अमेरिकी खिलाड़ियां भी कदम से कदम, ताल से ताल मिलाकर डांस करती नजर आ रही हैं। वहां गयी खिलाड़ियों में से एक ने इसका वीडियो भेजा है।

कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत अमेरिका गयी हैं झारखंड की 5 हॉकी खिलाड़ी।

दरअसल झारखंड की पांच महिला हॉकी खिलाड़ी कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत अमेरिका गईं है। इस साल अमेरिका में 24 जून से 13 जुलाई तक तीन हफ्ते का खेल एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम हो रहा है।

अमेरिका गयी झारखंड की हॉकी खिलाड़ी।

झारखंड की 5 खिलाड़ी गईं अमेरिका

अमेरिका गई खिलाड़ियों में खूंटी जिले की पुंडी सारू और जूही कुमारी, गुमला की प्रियंका कुमारी और सिमडेगा जिले की हेनरिता टोप्पो और पूर्णिमा नेती शामिल हैं। इन्हें 2020 में आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत अमेरिका जाना था, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इस यात्रा को टाल दिया गया था। अब ये कार्यकम हो रहा है।

ईस्ट इंडिया वीमेंस हॉकी एंड लीडरशिप कैंप के दूसरे एडिशन, 2020 में आयोजित हॉकी प्रशिक्षण शिविर में प्रदर्शन के आधार पर शीर्ष पांच महिला हॉकी खिलाड़ियों का चयन इस कार्यक्रम के लिए किया गया है।

गैर सरकारी संस्था शक्ति वाहिनी के साथ साझीदारी में यूएस कांसुलेट, झारखंड हॉकी फेडरेशन, दक्षिण पूर्व रेलवे, झारखंड पुलिस और ब्यूरो ऑफ एजुकेशनल एंड कल्चरल अफेयर्स के सहयोग से वर्ष 2018 में ईस्ट इंडिया हॉकी प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई थी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.