कोटा : बाइक सवार 6 बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर के मकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। छत पर खड़ा 13 साल का बेटा बाल-बाल बच गया। आरोप है कि खुद को बड़ा बदमाश साबित करने के लिए बाइक सवारों ने गोलियां चलाई हैं। मामला कोटा का है। 2 गैंग के बीच वर्चस्व की लड़ाई मानकर उद्योग नगर पुलिस जांच कर रही है। इसका वीडियो भी सामने आया है।

CCTV कैद हुई पूरी घटना
उद्योग नगर थाना CI मनोज सिकरवार ने बताया- गोविंद नगर निवासी गुड्डू हजरत के मकान पर मंगलवार सुबह करीब 7 बजे बाइक सवार बदमाशों ने 5 गोलियां चलाईं। इस दौरान गुड्डू का 13 साल का बेटा छत पर खड़ा था। दो बाइकों पर सवार होकर सरफराज, अमन लाला, अरमान,लकी रहीम, आसिफ घर पर आ धमके।

इसके बाद बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इसके बाद फरार हो गए। गुड्डू के घर पर CCTV कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज जब्त कर लिया है। साथ ही, शहर में नाकाबंदी भी करवा दी। बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लगे। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच में पिछले कुछ समय से रंजिश चली आ रही है।

हिस्ट्रीशीटर है गुड्डू
पुलिस ने बताया कि गुड्डू हजरत हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ 44 मामले अलग-अलग धाराओं में दर्ज हैं। साल 2021 तक कोटा शहर का एकमात्र बदमाश गुड्डू हुआ करता था। पुलिस ने बताया कि पहले सरफराज और बाकी बदमाश गुड्डू के साथ ही थे। कुछ समय से इनके बीच में रंजिश चल रही है। फायरिंग के निशान आसपास के घर की दीवारों पर भी है।

वर्चस्व की है लड़ाई
सामने आ रहा है कि दोनों ही पक्षों के बीच में वर्चस्व की लड़ाई है। पहले सभी बदमाश एक ही गुट में थे। बाद में सरफराज, अमन लाला ने अपना अलग गुट बना लिया। गुड्डू के परिवार ने बताया कि बदमाश पहले भी घर पर फायरिंग कर चुके हैं। परिवार वालों की मानें तो फायरिंग करने वाले बदमाश बार-बार यही कहते हैं कि वो गुड्डू से बड़ा बदमाश हैं।

पुलिस के अनुसार 5 फायर
पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने मकान पर पांच फायर किए हैं। जिस समय वारदात को अंजाम दिया गुड्डू का 13 साल का बेटा छत पर ही खड़ा था वारदात में वह बाल-बाल बच गया। गोलियों के निशान आसपास के घरों की दीवारों पर भी है।
