झारखंड के देवघर में दो साल के बाद श्रावणी मेले का आयोजन हो रहा है। प्रशासन के अनुमान के मुताबिक इस बार कांवरियों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि होगी। प्रशासन के लिए राहत भरी खबर यह है कि प्रसाद योजना के तहत कांवरिया पथ पर होल्डिंग पॉइंट बनकर तैयार हैं, जिनमें 5 हजार से ज्यादा श्रद्धालु विश्राम कर सकते हैं। यहां इन्हें तमाम तरह की सुविधाएं नि:शुल्क दी जाएंगी। ये होल्डिंग पॉइंट बेहद ही खूबसूरत और आकर्षक हैं, दूसरी ओर यह कांवरियों को बेहतर सुविधा देने के लिए तत्पर भी हैं।

देवघर के कांवरिया पथ मे केंद्र सरकार की प्रसाद योजना के तहत होल्डिंग पॉइंट बनकर तैयार हैं. इस होल्डिंग पॉइंट को काफी आकर्षक बनाया गया है। यह मुख्यता आने वाले भोलेनाथ के भक्तों के लिए तैयार किया गया है।

इस होल्डिंग पॉइंट में दो विशाल हॉल मौजूद हैं। एक हॉल में तकरीबन एक समय ढाई हजार श्रद्धालु ठहर सकते हैं यानी दोनों हॉल मिला दें तो 5000 श्रद्धालु आराम से इसमें विश्राम कर सकते हैं। इसके अलावा यहां पर दुकानें भी बनाई गई हैं जिसका आवंटन होना बाकी है।

यहां से श्रद्धालु अपनी जरूरत के कुछ सामान भी खरीद सकते हैं। इसके अलावा शौचालय और स्नानागार भी बनाए गए हैं। सभी हॉल हवादार बनाए गए हैं और इसमें बिजली सहित तमाम व्यवस्थाएं दी जाएंगी। इसके अलावा कांवर रखने के लिए भी व्यवस्था दी गई है। इस होल्डिंग पॉइंट में कांवरियों की शुद्धता के लिए सभी ख्याल रखे गए हैं। कांवरिया जब सुल्तानगंज से पैदल यात्रा तय करेंगे तो झारखंड की सीमा में प्रवेश करने के 3 किलोमीटर बाद यह होल्डिंग पॉइंट कांवरियों की सेवा के लिए तत्पर रहेगा।

देवघर डीसी ने कहा कि यह कांवरियों को काफी राहत देगा और इससे भीड़ नियंत्रित भी किया जा सकेगा। यह होल्डिंग पॉइंट कांवरियों के लिए एक वरदान से कम नहीं होगा। स्थानीय बताते हैं कि इस बार सावन के महीने में जब भीड़ बढ़ेगी तो यह होल्डिंग पॉइंट इन्हें काफी राहत देगा।

मंदिर में भीड़ बढ़ने के कारण कांवरियों को काफी दिक्कत होती है, ऐसे में कांवरिया पथ में ही यहां विश्राम कर सकते हैं और मंदिर में भीड़ कम होने के बाद ये अपनी यात्रा प्रारंभ कर देवघर आराम से पहुंच सकते हैं। कुल मिलाकर इस बार के श्रावणी मेले में होल्डिंग पॉइंट की व्यवस्था भीड़ नियंत्रण और कांवड़ियों की सुविधा के लिए काफी कारगर साबित होगी।
