विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के दो दिन पहले पीएम नरेंद्र मोदी झारखंड को एक बड़ी सौगात देने आज देवघर आ रहे हैं। मंगलवार की दोपहर में वह देवभूमि पहुंचेंगे। वे द्वादश ज्योतिर्लिंग बैद्यनाथधाम के विकास से जुड़ी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री दिल्ली से देवघर के लिए रवाना हो चुके हैं।

योजनाओं की कुल अनुमानित लागत लगभग 16,835 करोड़ है। जिसमें देवघर आसपास और राजधानी रांची से जुड़ी योजनाएं भी शामिल हैं।तय कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को पीएम वायुसेना के विशेष विमान से सीधा देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जहां पहले एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। एयरपोर्ट से ही पीएम देवघर एम्स के नए 250 बेड का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद वह सीधा बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे।

बाबा मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद पीएम सीधा देवघर कॉलेज स्थित सभा स्थल के लिए रवाना हो जाएंगे। वहां प्रधानमंत्री का कार्यक्रम लगभग एक घंटे का होगा।कोलकाता से पहली फ्लाइट लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया देवघर एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने अपने ट्विटर पर लिखा कि नई सौगातों की बौछार का इंतजार करते देवघर की हवा में आज एक अलग महक है! बाबा बैद्यनाथ की पावन धरती को शत शत नमन।

कोलकाता से 11.15 मिनट पर देवघर एयरपोर्ट पर लैंड पहली फ्लाइट ने लैंड किया। इसमें सिंधिया के साथ श्रद्धालु भी आए। इस दौरान फ्लाइट का लैंडिंग के दौरान का वीडियो भी सामने आया है। इसमें लोग हर-हर महादेव और बोल बम के नारे लगाते दिखाई दिए। लोगों ने एयरपोर्ट के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। ये फ्लाइट सिंधिया समेत 76 यात्रियों को लेकर इंडिगो की फ्लाइट देवघर एयरपोर्ट पहुंची। कोलकाता से देवघर पहुंचे यात्रियों में खासा उत्साह दिखा। यात्रियों ने इस पल को यादगार बताया।यात्रियों ने एयरपोर्ट के सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे को धन्यवाद कहा। यात्रियों ने सेफ लैंडिंग और देवघर से विमान सेवा शुरू करने के लिए इंडिगो को भी धन्यवाद कहा।

10,270 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन
अपने एक दिवसीय दौरे में पीएम 6,565 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के 8 प्रोजेक्ट, रेलवे के तीन, पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस का एक प्रोजेक्ट शामिल हैं। साथ ही पीएम 10,270 करोड़ की कई योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे।

इनमें पर्यटन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एक योजना, रेलवे की दो, 401.03 करोड का देवघर एयरपोर्ट, 39 करोड़ का बाबा बैजनाथ धाम का विकास, 1790.3 करोड़ का गोरहर से खैरा टुंडा सिक्स लेन, 1332.8 करोड का खैरा टुंडा से बरवाअड्डा सिक्स लेन सड़क, 519 करोड का रांची महोलिया फोरलेन सड़क, 284.7 करोड़ का चौका से साहेरबेरा फोरलेन सड़क, 1144 करोड का गोविंदपुर चास वेस्ट बंगाल बॉर्डर फोरलेन सड़क, 2500 करोड़ का बोकारो अंगुल जगदीशपुर हल्दिया पाइपलाइन, 161.5 करोड का बरही में नया एलपीजी प्लांट, 93.4 करोड़ का बोकारो में एलपीजी प्लांट, 886 करोड का गढ़वा महुरिया रेलवे डबलिंग प्रोजेक्ट, 35 करोड़ का हंसडीहा गोड्डा रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन, 1103 करोड़ का एप्स देवघर।

835 करोड़ की योजनाओं की आधारशिला रखेंगे
इसके साथ ही प्रधानमंत्री कई योजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें चार फोर लेन सड़क समेत NH 75 और NH 133 पर पेव्ड शोल्डर के साथ टू लेन सड़क, झरिया ब्लॉक सरफेस फैसिलिटी और पाइपलाइन, जसीडीह बाइपास न्यू लेन, गोड्डा कोच मेंटेनेंस डिपो के अलावा राजधानी रांची के इटकी इलाके में रेलवे ओवर ब्रिज कचहरी चौक से पिस्का मोड़ तक एलिवेटेड कॉरिडोर रांची रेलवे स्टेशन का हरी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट शामिल हैं। इन परियोजनाओं की अनुमानित लागत लगभग 835 करोड़ है।
