गया।विश्व विख्यात महाबोधि मंदिर परिसर में चढ़ाए जाने वाले फूल अब बेकार नहीं जाएंगे। भगवान बुद्ध को अर्पित फूलों से अब अगरबत्ती और धूपबत्ती बनाई जाएगी। इसके लिए फूल डॉट कंपनी और महाबोधि मंदिर टेंपल कमेटी के बीच एमयू हुआ है। फूलों से अगरबत्ती बनाए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। यहां के मंदिर में चढ़ने वाले फूलों से बनाई अगरबत्तियां न केवल लोकल बाजार में बल्कि विदेश खासकर बुद्ध के अनुयायियों वाले देश में भी भेजी जाएंगी। ताकि इसकी ज्यादा से ज्यादा खपत हो सके। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार बेरोजगारों को रोजगार मिल सके।
वहीं फूल डॉट को ब्रांड के फाउंडर इंजीनियर अंकित अग्रवाल ने बताया कि जुलाई 2017 में फूल डॉट को एक इनोवेटिव स्टार्टअप कंपनी स्थापित की गई थी। कंपनी मंदिर के फूलों को इक्ठ्ठा कर उनसे धूपबत्ती और अगरबत्ती व लेदर वेगन बनाएगी।
प्रतिदिन डेढ़ से दो टन फूल प्रोसेस कर अगरबत्ती तैयार की जाएगी। कंपनी की ओर से स्थानीय स्तर पर पिछड़े व गरीब वर्ग की महिलाओं को प्रशिक्षण और रोजगार प्रदान करेगी।
वहीं गया के डीएम त्यागराजन जोकि बोधगया टेंपल मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष भी हैं, का कहना है कि काशी विश्वनाथ मंदिर, जगन्नाथपुरी मंदिर व अन्य बड़े मंदिरों में भारी मात्रा में भगवान पर चढ़ने वाले फूलों से अगरबत्ती व अन्य चीजों को बनाया जाता है।
उसी प्रकार यहां भी होगा। इससे मंदिर को भी आय का स्रोत प्राप्त होगा। इससे पहले मंदिर में चढ़ने वाले फूलों को बेकार समझ कर फेंक दिया जाता था या फिर नदी में प्रवाहित कर दिया जाता था लेकिन अब आने वाले दिनों में ऐसा नहीं होगा।
