गया : शहर के केपी रोड जहां पैर रखने के भी जगह नहीं होते हैं वहां शनिवार को अतिक्रमण अभियान चलाया गया। वह भी तब जब एक भी फुटपाथी दुकानें नहीं खुली थीं। पूरी सड़क पर सन्नाटा पसरा था। यहां तक बड़ी दुकानें भी अतिक्रमण चलाए जाने के दौरान नहीं खुली थी। ऐसे में अभियान दल ने सड़क के किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को नष्ट कर दिया। हालांकि पुलिस प्रशासन अतिक्रमणकारियों की संख्या को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर उतार रखा था लेकिन न तो कोई दुकानें ही दिखीं और न ही अतिक्रमणकारी सामने आए।
सभी के सभी अपनी दुकानें पहले से ही हटा ली थी। मानो उन्हें शुक्रवार को ही भनक मिल गई थी कि शनिवार को प्रशासन अतिक्रमण अभियान चलाने जा रहा है। एसडीएम इंद्रवीर कुमार ने कहा कि हाईकोर्ट आदेश के तहत अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों हाईकोर्ट गए थे और अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। फिलहाल फुटपाथ पर जो अस्थाई या स्थाई अतिक्रमण हटाए गए हैं। सारा कुछ शांति पूवर्क चल रहा है।

शहर का केपी रोड सबसे तंग रोड है। तंग इस वजह से नहीं कि सड़क संकरी है। बल्कि यह कि फुटपाथ से लेकर सड़क तक अतिक्रणकारियों का जबर्दस्त तरीके से कब्जा है। दिन के समय से इस सड़क पर लोगों का पैदल चलना भी दुश्वारियों से भरा होता है। पुराने नक्शे के मुताबिक इस सड़क की चौड़ाई 80 फीट है। अब यह सिमट कर 50 फीट पर आ गई है। इस 50 फीट पर पूरी तरह से फुटपाथी दुकानदार जिसमें रेड़ी-ठेली वाले हैं। उनका का कब्जा रहता है। इनकी संख्या सैंकड़ों में है। यही वजह है हर एक इंच पर अतिक्रमणकारियों का कब्जा बना है।




