आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत‘आजादी की रेल गाड़ी और स्टेशन‘ के तहत सप्ताह भर मनाये जाने वाले आइकॉनिक सप्ताह का महाप्रबंधक महोदय द्वारा शुभारंभ किया गया। पूर्व मध्य रेल के 06 चिन्हित स्टेशनों पर 18 जुलाई से 23 जुलाई तक किया जाएगा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

अनुपम शर्मा,महाप्रबंधक,पूर्व मध्य रेल द्वारा आज आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में ‘आजादी की रेल गाड़ी और स्टेशन‘ से जुड़े आइकॉनिक सप्ताह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया गया । इसके उपरांत पूर्व मध्य रेल के चयनित छः स्टेशनों से जुड़े स्वतंत्रता सेनानी वीर कुंवर सिंह, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, खुदी राम बोस एवं चम्पारण सत्याग्रह से संबंधित लघु फिल्म को रिलीज किया गया जिसे चयनित सभी स्टेशनों पूरे सप्ताह प्रसारण किया जायेगा। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक तरूण प्रकाश, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी जे.के.पी.सिंह सहित अन्य विभागाध्यक्षगण भी उपस्थित थे।

विदित हो कि स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के त्याग व बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय रेल द्वारा 18 से 23 जुलाई, 2022 तक आइकॉनिक सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।इसी कड़ी में महाप्रबंधक श्री अनुपम शर्मा ने हाजीपुर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस द्वारा संवाददाता को कार्यक्रम से संबंधित जानकारी से अवगत कराया गया।

उन्होंने कहा कि हम सभी भारतवासियों के लिए यह ऐतिहासिक काल खण्ड है जब हम अपनी स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं । आजादी का अमृत महोत्सव भारत सरकार की एक पहल है जो प्रगतिशील भारत के 75 साल की उपलब्धियों के गौरव को याद करने, चुनौतीपूर्ण वर्तमान से रू-ब-रू होने और उज्जवल भविष्य की तैयारी के लिए मार्ग प्रशस्त करती है । यह एक गहन देशव्यापी अभियान है जिसके केन्द्र में ‘जनभागीदारी‘ निहित है। यह अभियान भारत की सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास की जीवन्त अविरल धारा है।



