जमा रहा था DSP का रौब….असली खाकी देख उड़े होश:BPSC में फेल होने पर पहन ली नकली वर्दी

पटना में खुद को DSP बताकर ऑटो वाले पर एक शख्स रौब जमा रहा था। किराए को लेकर उसे धौंसा रहा था, लेकिन जब पुलिस पहुंची तो मामले कुछ और ही निकला। पुलिस ने जैसे ही उसका आईकार्ड मांगा तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। युवक फर्जी डीएसपी बनकर ऐसे ही लोगों पर वर्दी का रौब जमाता था।

गिरफ्तार शातिर का नाम विजय कुमार भारती है।

मामला गांधी मैदान थाना क्षेत्र का है। गिरफ्तार शातिर का नाम विजय कुमार भारती है। मूल रूप से मधुबनी के आन्धा मठ थाना के तहत जरौली का रहने वाला है। इसके पिता डॉक्टर हैं, उनका नाम डॉ. विन्देश्वर मंडल हैं। आरोपी ने ना सिर्फ अपने परिवार को झांसे में रखा, बल्कि एक महिला पुलिस अधिकारी से शादी करने की तैयारी भी कर रहा था।

होश में रहो…मैं DSP हूं!

बुधवार को विजय कुमार कारगिल चौक पर एक ऑटो वाले से झगड़ा कर रहा था। खुद को डीएसपी बताकर ऑटो ड्राइवर पर धौंस दिखा रहा था। उसे अपना नकली आईकार्ड दिखा रहा था। उसी बीच गांधी मैदान थाना की पुलिस टीम वहां पहुंची। सब इंस्पेक्टर को विजय कुमार की बॉडी लैंग्वेज से शक हुआ।उन्होंने आई कार्ड की जांच की। जिस पर DGP या किसी सीनियर पुलिस अधिकारी का सिग्नेचर नहीं मिला। तब सब इंस्पेक्टर का शक और गहरा गया। इसके बाद उसे थाना ले जाकर पूछताछ की। फिर पूरी असलियत सामने आ गई।

BPSC में फेल होने के बाद बन बैठा फर्जी DSP

पुलिस के अनुसार, विजय कुमार भारती पटना में शास्त्री नगर में अपनी बहन के घर रहकर कंप्टीशन की तैयारी करता था। कई बार एग्जाम देने के बाद भी इसे सफलता नहीं मिली। सरकारी नौकरी को लेकर परिवार का दबाव अलग से था। ऐसे में इसने शातिर खेल खेला। पुलिस की वर्दी खरीदी। फर्जी आईकार्ड बनाया।इसके बाद परिवार को इसने बता दिया कि वो डीएसपी बन गया है। परिवार के दबाव पर एक बार वर्दी पहन कर गांव गया भी था। तब उस वक्त इसने अपने परिवार को झांसा दिया और कहा कि अभी सैलरी नहीं मिल रही है।

नकली वर्दी के दम पर केस की पैरवी की
जांच में पता चला कि पुलिस की वर्दी का इसने गलत इस्तेमाल भी किया। गांव में किसी के साथ पिता का जमीन विवाद चल रहा था। उस मामले में पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तब पैरवी करने के लिए विजय डीएसपी के ऑफिस वर्दी पहन कर गया था।उस वक्त पुलिस की टीम जब तक इसके फर्जीवाड़े को समझ पाती, तब तक यह फरार हो गया था। फिलहाल पुलिस ने इसके पास से नकली मुहर, पुलिस की उलेन वर्दी से लेकर काफी सारा सामान भी बरामद किया है। इसके खिलाफ गांधी मैदान थाना में केस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading