मगध की धरती से इंद्र भगवान इन दिनों रुठे पड़े हैं। बारिश नहीं होने से अब गांव की महिलाओं में बेचैनी बढ़ने लगी है। बैचनी का आलम यह है कि वह अब लोगों ने टोना-टोटका करना शुरू कर दिया है। गांव की महिलाएं इंद्र भगवान को शर्मसार करने के लिए दूसरे गांव से रात के अंधेरे में पानी की चोरी की है। पानी चोरी करते हुए देखेंगे तो उनके गांव में भी बारिश कराएंगे।

जिले के कोंच प्रखंड पड़रावां गांव की सैकड़ों महिला बुधवार की रात करीब ढाई किलोमीटर की दूरी पैदल तय करते हुए धनु बिगहा गांव पहुंची। वहां के पोखर से उन्होंने घड़े पानी चुराए। और माथे पर रख कर अपने गांव को लौटीं। रास्ते में उन्होंने बारिश से जुड़े पारंपरिक लोकगीत गाए। यहीं नहीं रास्ते में यदि कोई मर्द उन्हें दिख जा रहा था तो वे उनके ऊपर कीचड़ भी फेंक रहीं थी। इसके पीछे उनका बस एक यही उद्देश्य था कि ताकि वह उनकी राह में न आएं और कोई टोका-टाकी न करें। ताकि उनके मिशन में कोई खलल न पड़े और इंद्र भगवान को लज्जा आए और वे जमकर बारिश कराएं। और तो और यदि कोई युवक भी उन्हें रास्ते में या पोखर के नजदीक दिख रहा था तो उसे गीत के माध्यम से गालियां भी महिलाएं दे रही थीं। युवक सरमा कर भाग जा रहे थे।

टोटका सफल हो, इसके लिए उन्होंने क्षेत्र के किसानों का नाम लेकर खूब अपशब्द भी कहे। दरअसल गांव के लोगों का कहना है कि यह एक टोटका है। पुराने जमाने से चला आ रहा है। यह टोटका अक्सर कारगार साबित हुआ है। पानी चोरी का टोटका संपन्न होने के बाद क्षेत्र के किसानों का मानना है कि अब उनके इलाके में बारिश जमकर होगी।




