अब जिलाधिकारी करेंगे थानों का निरीक्षण

अब पूर्णिया प्रमंडल के सभी चारों जिलों में जिलाधिकारी थाने का निरीक्षण करेंगे। इसके लिए कमिश्नर ने चिट्ठी लिखी है। पूर्णिया प्रमंडल के कमिश्नर गोरखनाथ ने पूर्णिया, अररिया, कटिहार और किशनगंज के जिले के डीएम को चिट्ठी लिखी है। चिट्ठी में बताया कि विधि व्यवस्था संधारण तथा आम जनता के प्रति पुलिस कर्मियों की संवेदनशीलता को बढ़ाने के लिए बिहार पुलिस हस्तक नियमावली में जिला पदाधिकारियों को अपने जिला स्थित थानों का निरीक्षण किया जाना है। पर यह पाया जा रहा है कि जिला पदाधिकारी द्वारा थानों का निरीक्षण सरकारी नियमों व निर्देशों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है।

थानाध्यक्ष जिलाधिकारी द्वारा थानों के निरीक्षण के प्रति संवेदनशील नहीं

जारी चिट्ठी में आगे बताया कि जिलाधिकारी कटिहार द्वारा 7 जुलाई 2022 को मुफ्फसिल थाना, कटिहार का निरीक्षण टिप्पणी अधोहस्ताक्षरी को अवलोकनार्थ प्रस्तुत किया गया है। जिससे यह परिलक्षित हो रहा है कि थाना के थानाध्यक्ष जिला पदाधिकारी द्वारा थानों के निरीक्षण के प्रति संवेदनशील नहीं है। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कटिहार जिला के मुफ्फसिल थाना, कटिहार के महिला हाजत का प्रयोग जब्त किये गये सामानों को रखने के लिए मालखाना के रूप में किया जा रहा है।

बीडब्लू/ डीडब्लूए थाना में लंबे समय से लंबित है। परंतु उनके क्रियान्वयन के लिए किसी प्रकार की सम्यक कारवाई नहीं की जा रही है। इस स्थिति में आवश्यक है कि पुलिस अधीक्षक व वरीय पुलिस अन्य पदाधिकारी के साथ-साथ जिलाधिकारी द्वारा भी समय समय पर थाना का निरीक्षण किया जाय। इस संबंध में निदेश दिया है कि हर माह सभी जिलाधिकारी द्वारा अपने जिला स्थित कम से कम एक थाना का निरीक्षण किया जाय। निरीक्षण के बाद अवगत कराया जाय।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.