सीवान में पुलिस द्वारा नाबालिग चोर की बेरहमी से पिटाई की गई। बच्चा रोता रहा पर पुलिस का दिल बिल्कुल नहीं पसीजा और गाड़ी में बैठाकर उसे पिटते रहे। कोई पुलिसकर्मी उसके बाल पकड़ हिलाता रहा तो कोई जवान सिर पर मुक्के से प्रहार करता दिखा। बच्चे की पिटाई करती पुलिस उसे थाना लेकर चली गई। मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ललित बस स्टैंड की है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग अब पुलिस के खिलाफ तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। दरअसल, बच्चे को मोबाइल चोरी करते कुछ लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को गाड़ी पर बैठा लिया और थाना ले गई। पर इस दौरान गाड़ी में ही पुलिसकर्मियों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।

बच्चा राेता रहा, गिड़गिड़ाता रहा पर किसी पुलिसकर्मी ने उसकी बात नहीं सुनी। इस दौरान कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो भी बना लिया। जो शनिवार को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया।
इधर, मुफस्सिल थाना के थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि चोर को भीड़ के कब्जे से लेकर थाना लाया गया। उससे पूछताछ पर गिरोह के 3 लोगों का नाम का सामने आया है। नाबालिग को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, नाबालिग चोर की पुलिसकर्मियों द्वारा पिटाई के संबंध में उन्होंने कहा कि ऐसा कोई वीडियो अभी हमारे संज्ञान में नहीं आया है। अगर यह बात सच है तो इस मामले में संबंधित आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट की जाएगी।



