पटना के गौरीचक पुलिस ने अपने ससुर के हत्यारे दामाद को शनिवार की सुबह फतुहा से गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को दामाद ने अपने ससुर को गोलियों से भून डाला था। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारा दामाद अपने घर फतुहा में छिप कर रह रहा था।

बताते चलें कि गौरीचक थाना के उसफा गांव में मंगलवार की देर रात एक दामाद ने अपने ससुर वासुदेव यादव (65 वर्ष) को गोलियों से भून डाला था। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में अफरा तफरी का माहौल बन गया था। लोगों ने इसकी सूचना गौरीचक थाने को दी थी।

सूचना मिलते ही गौरीचक प्रभारी मनोज कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे थे और वासुदेव यादव को इलाज के लिए पटना नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने बासुदेव यादव को मृत घोषित कर दिया था। घटना के बाद दामाद शंकर राय (30 वर्ष )गांव छोड़कर फरार हो गया था।

गौरीचक थाना प्रभारी ने बताया कि मामला आपसी परिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपित दामाद शंकर राय को उनके घर फतुहा से शनिवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के क्रम में शंकर राय ने यह बताया है कि उनकी पत्नी को उनके ससुर ससुराल आने से रोकते थे इसी आक्रोश में शंकर राय ने अपने ससुर वासुदेव यादव की गोली मार के हत्या कर डाला। थाना प्रभारी ने बताया कि शंकर राय शराब माफिया है और वह एक बार फतुहा थाने से जेल भी जा चुका है।



