सीवान के महाराजगंज थाना क्षेत्र के बंगरा गांव में रविवार की रात तकरीबन 9 बजे कार बाजार के मालिक को रंगदारी नहीं देने पर पिस्टल लहराते हुए दो असामाजिक तत्व ने फायरिंग किया। जिसका वीडियो सामने आया है। घटना के संबंध में कार बाजार के मालिक ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित करवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरे व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

घटना के संबंध में महाराजगंज थाना क्षेत्र के बंगरा निवासी मृत्युंजय कुमार सिंह का पुत्र 29 वर्षीय मनीष कुमार उर्फ मनी सिंह ने गांव के तारणी सिंह के पुत्र तूफान सिंह उर्फ तूफानी तथा उनके छोटे भाई राज सिंह को अभियुक्त बनाया है। घटना में पीड़ित मनीष कुमार उर्फ मनी सिंह ने दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा है कि में महाराजगंज बाजार के राम लखन सिंह चौक से महज 200 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप के नजदीक दुकान है। मैं पुरानी कार का खरीद बिक्री करता हूं।

रविवार की रात दोनों भाई बाइक से पहुंचे और कहने लगे कि तुम बहुत मुनाफा कमा रहे हो मुझे रंगदारी के तौर पर एक नई बाइक दिला दो। इसके बाद मैंने कहा कि मैं एक छोटे व्यवसाई हूं। मेरे पास इतना रकम नहीं है कि आपको नई बाइक दिला दूं। इसके बाद दोनों लोग जान से मारने की धमकी देने लगे। मैं जल्दी से अपना दुकान बंद करके घर पर आया और अपने परिजनों से घटना के संबंध में सारी बातें बता रहा था।

इतने में दोनों लोग उनके घर पहुंचे और अपने अपने हाथों में पिस्टल लेकर गोली चलाने लगे। मैं जान बचाकर घर के अंदर भागा और जाकर छिप गया। उपरोक्त दोनों लोगों ने घर का दरवाजा भी तोड़ने का प्रयत्न किया। लेकिन दरवाजा मजबूत होने के कारण दरवाजा नहीं तोड़ सके। अगर दरवाजा टूट गई होती तो मेरी जान भी जा सकती थी। इधर पीड़ित के लिखित शिकायत के बाद महाराजगंज थाने की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।



