मोतिहारी के सीमावर्ती महुआवा थाना क्षेत्र के कोरैया नहर के किनारे सड़क पर खून से लथपथ एक युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृत युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। मृतक की पहचान नेपाल के फुलवरिया गांव के अमित सिंह के रूप में हुई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस कार्रवाई में जुट गई।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि नहर की तरफ जब ग्रामीण गए तो देखा कि सड़क किनारे खून से लथपथ एक युवक का शव पड़ा है। इसकी जानकारी मिलने में बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मृतक की पहचान में जुट गई। कुछ समय बाद युवक की पहचान अमित सिंह के रूप में हुई। अमित सिंह आपराधिक प्रवृति का था। उसके ऊपर जिले के कई सीमावर्ती थाने में मामला दर्ज है। अमित सिंह की हत्या गैंगवार में किए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

कहते हैं थानाध्यक्ष
महुआवा थानाध्यक्ष ने बताया कि कोरैया नहर के पास एक युवक का शव ग्रामीणों के सूचना पर बरामद किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर मृतक की पहचान की गई, जिसमें पता चला कि नेपाल का अमित सिंह है। मृतक के परिजन को घटना की जानकारी दे दी गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है।




