पटना। भाजपा विधायक व बिहार के कला, संस्कृति मंत्री रहे विनय बिहारी ने सरकार पर बड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने फिल्म सिटी और इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनने की रफ्तार को बेहद धीमा बताते हुए इसपर नाराजगी जाहिर की है। कहा है कि इसके लिए बिहार सरकार दोषी है। मैं भी इसी सरकार का अंग हूं, लेकिन सही को सही औऱ गलत को गलत कहना जानता हूं।
विनय बिहारी ने कहा कि शिक्षा के अलावा मनोरंजन को भी समाज के लिए जरूरी माना जाता है। कभी बिहार मनोरंजन का हब था। लेकिन आज थिएटर विहीन हो चुका है। अकेले हैदराबाद शहर में 122 थिएटर हैं। बिहार में चालू सिनेमा घरों की संख्या भी आज पहले जैसी नहीं रह गई है। जब मैं मंत्री था तो इन्हीं विषयों पर काम करता रहा।
कहा कि मैं चाहता था कि पटना के मोइनुल हक स्टेडियम में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बने। लेकिन वो राजगीर चला गया। हम चाहते थे कि बाल्मिकी नगर में फिल्म सिटी हो, वो भी राजगीर चला गया। सब काम 2014 में शुरू हुआ, जब हम मंत्री बने। लेकिन आज 2022 तक भी कोई काम पूरा नहीं हो सका है। हम नीतीश जी से आग्रह कर सकते हैं कि इस ओर ध्यान दीजिए, नहीं तो वह दिन दूर नहीं, जब यहां के कला प्रेमी आपको अपने से दूर कर देंगे।
बता दें कि 5 अगस्त को भोजपुरी फिल्म ‘प्यार काहे बनाया राम’ रिलीज हो रही है। विनय बिहारी ने इस फिल्म के गीत-संवाद लिखे हैं और म्यूजिक दिया है। इसे लेकर आज उन्होंने मीडिया से बात की। कहा कि भोजपुरी में इतनी अश्लीलता फैल गई है कि आहत होकर हमने कई वर्षों बाद ऐसी मूवी बनाई है, जिससे मैं पूरी तरह संतुष्ट हूं। यह फिल्म परिवार के साथ देखने योग्य है। इसमें मेरे काम की झलक दिखेगी। इसकी 80% शूटिंग हमने बिहार में ही की है।
जानकारी के अनुसार इस फिल्म के निर्माता अमित कुमार सिंह व सहयोग कुमार हैं। लेखक-निर्देशक राजू मिश्रा हैं। फिल्म में राकेश मिश्रा विनायक, अंजना सिंह, विनय बिहारी, पायल बंसल व प्रसिद्ध खलनायक संजय पांडे समेत कई कलाकार अहम भूमिका में नजर आएंगे।
