मुजफ्फरपुर। रैक प्वॉइंट पर वैगन उपलब्ध कराने में प्राथमिकता देने का खेल मुख्यालय के अधिकारियाें द्वारा करना काेई नई बात नहीं है। बाद में रजिस्ट्रेशन कराने वाले व्यापारी काे पहले वैगन उपलब्ध कराने में रुपए का खेल हाेता है। यह सबकुछ माैखिक हाेता है, ताकि किसी काे भनक तक नहीं लगे।
पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के सीएफटीएम, साेनपुर और समस्तीपुर के सीनियर डीओएम समेत 4 लाेगाें की सीबीआई गिरफ्तारी के बाद इसकी चर्चा तेज हो गई है। रेलवे सूत्राें की माने ताे रैंक प्वॉइंट से माल भेजने के लिए प्राथमिकता रजिस्टर में वैगन की डिमांड की जाती है।
इसके लिए व्यापारी काे निर्धारित शुल्क देकर निबंधन कराना पडता है। लेकिन, सीएफटीएम अपने क्षेत्र के रैक प्वॉइंट पर वैसे व्यापारियाें के साठ-गांठ के आधार पर बाद में निबंधन कराने वाले व्यापारियाें काे पहले वैगन उपलब्ध करा दिया जाता है। इससे उक्त व्यापारी का माल गंतव्य के बाजार में पहले पहुंच जाता है।
सूत्राें की माने ताे प्लेटफाॅर्म पर माल स्टैंकिंग करने में भी खेल हाेता है। इसके तहत जिस व्यापारी से सांठगांठ हाेती है, उन्हे 24 घंटे पहले माल काे प्लेटफाॅर्म पर जमा करने का निर्देश दिया जाता है। इसी बीच वैगन काे भी प्लेस कर दिया जाता है। व्यापारी जब ट्रक से माल लेकर रैक प्वॉइंट पर पहुंचता है ताे ट्रक से सीधे माल वैगन में लाेडिंग हाे जाती है। इससे व्यापारी काे प्लेटफाॅर्म पर माल काे अनलाेडिंग नहीं करना पड़ता है। विलंब चार्ज से भी बच जाता है।

रेलवे सूत्राें ने बताया कि कुछ साल पहले तक एरिया अधिकारी पहले अपने क्षेत्र के रैक प्वॉइंट पर माल के स्टैंकिंग और बैमरेज चार्ज की जांच करते थे। लेकिन बाद में मुख्यालय ने इसे अपने अधीन ले लिया। बताया जाता है कि अब सीनियर डीओएम अपने विश्वास के कर्मी से जांच कराते हैं। ये कर्मी अपने स्टैंकिंग और बैमरेज की जानकारी मुख्यालय के अधिकारी काे देते हैं। मालगाड़ी से जब काेई माल रैक प्वॉइंट पर आता है ताे उक्त कर्मी इसकी जांच करते हैं। वैगन से माल उतारने में देरी हाेने पर व्यापारी से मिलकर इस चार्ज से बचा लेते हैं। व्यापारी इन कर्मियाें व अधिकारी काे माेटी रकम देते हैं।
