पटना में 80 साल की बुजुर्ग महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। महिला अपने घर के बाहर सो रही थी, तभी दो रिक्शा चालक वहां पहुंचे और बुजुर्ग के साथ एक-एक कर गैंगरेप किया। महिला ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट थी भी। शोर मचाने पर दोनों गमछा और मोबाइल छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला के परिवार वालों ने बताया कि जब सुबह वो चाय देने के लिए बाहर आए तो देखा की वो चौकी के नीचे बेहोशी की हालत में पड़ी थी। उसके शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। महिला की बेटी ने बताया कि मां कई दिनों से बीमार चल रही थी। वो बिना किसी सहारे के चल भी नहीं पाती थीं।

मामला पीरबहोर थाना के तहत महेंद्र घाट के पास झोपड़पट्टी का है। रविवार की रात महिला के साथ दरिंदगी हुई है। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। घटना के वक्त जब महिला ने शोर मचाने की कोशिश की तो हड़बड़ा के दोनों आरोपी भाग निकले। लेकिन, एक आरोपी का गमछा और मोबाइल वहीं पर छूट गया।

कपड़े और मोबाइल से पकड़े गए आरोपी
जब परिवार के लोग वहां आए तो वृद्ध महिला की स्थिति देख दंग रह गए। सोमवार को परिवार के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस वहां पहुंची। मामले की छानबीन की। परिवार वालों के बयान और छूटे हुए कपड़े और मोबाइल के आधार पर पहले एक आरोपी की पहचान हुई और उसने दूसरे की जानकारी दी।

थानेदार सबीउल हक के अनुसार 22 साल का वीरेंद्र सहनी मूल रूप से मुजफ्फरपुर के औराई का रहने वाला है और पटना में रहकर ई-रिक्शा चलाता है। रात में उसी झोपड़पट्टी के पास ई-रिक्शा लगाकर सोता है। छूटे हुए कपड़े और मोबाइल इसी के थे।

वीरेंद्र की निशानेदही पर दूसरे आरोपी 36 साल के संजय साह को पकड़ा गया। जो पटना में नेउरा का रहने वाला है। राजधानी में रिक्शा चलाता है और रात को एग्जीबिशन रोड में रुकता है। वृद्ध महिला के परिवार के कंप्लेन के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कल रात ये दोनों साथ में ही थे। वहीं, वृद्ध महिला का मेडिकल टेस्ट कराया गया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।

