सरकारी उर्दू स्कूल में फहराया SDPI का झंडा:झंडे के नीचे खड़े होकर दी सलामी,हरकत में प्रशासन

नालंदा के एक सरकारी उर्दू स्कूल में PFI (पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया) के राजनीतिक संगठन सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) का झंडा फहराया गया। इसकी तस्वीरें सोमवार को सामने आई हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि झंडा फहराया कब गया है? प्रशासन ने अब मामले की जांच कर कार्रवाई किए जाने की बात कही है।मामला सोहसराय थाना इलाके के उर्दू प्राथमिक विद्यालय, सोहडीह का है। सामने आई तस्वीरों में दिख रहा है कि कुछ लोग जिनमें बच्चे भी शामिल हैं, SDPI के लाल-हरे रंग के झंडे के नीचे खड़े होकर उसे सलामी दे रहे हैं। कुछ युवकों ने SDPI लिखा लाल-हरे रंग का पट्टा भी गले में पहन रखा है। नीचे जमीन पर भी झंडे की आकृति बनी है। SDPI लिखा है और फूल गिरे हैं। इससे पता चल रहा है कि झंडे को ठीक उसी तरह फहराया गया है, जैसे आम तौर पर तिरंगा फहराया जाता है।

प्रशासन ने कहा कि इस मामले में स्कूल का कोई रोल मिला तो एक्शन लिया जाएगा।

मामला सामने आने के बाद आज मीडिया ने बिहार शरीफ के SDM कुमार अनुराग से बात की। उन्होंने कहा कि जिस तरह स्कूल परिसर में SDPI का झंडा फहराया गया है, यह खुलेआम कानून का उल्लंघन है। फोटो किस महीने की है, इसकी जांच की जा रही है। जो भी लोग इसमें शामिल हैं, फोटो से पहचान कर उन पर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रशासन को इस मामले की जानकारी है या नहीं, उनसे भी इस संबंध में पूछा जाएगा। इसमें अगर स्कूल का रोल मिला तो उनके ऊपर भी कार्रवाई की जाएगी।

आतंकी गतिविधियों में नाम आने से चर्चा में आया SDPI
जुलाई में पटना पुलिस की कार्रवाई के बाद फुलवारी शरीफ से पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) से जुड़े लोग पकड़े गए थे। इन पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगे। SDPI इसी PFI का राजनीतिक संगठन है। जांच एजेंसियों ने इन दोनों संगठनों से जुड़े लोगों पर देशविरोधी और आतंकी कामों में शामिल होने के आरोपों पर कार्रवाई की है।

पटना में जिन 26 संदिग्धों पर FIR हुई वो PFI और SDPI से जुड़े थे

  • पटना पुलिस ने देश के खिलाफ साजिश रचने के आरोप में चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। ये हैं अतहर परवेज, मो. जलालुद्दीन, अरमान मलिक और एडवोकेट नूरुद्दीन जंगी। पुलिस के मुताबिक ये चारों ही PFI से जुड़े हैं।
  • PFI बिहार में साल 2016 से सक्रिय है। पूर्णिया जिले में संगठन ने हेडक्वार्टर स्थापित करने की तैयारियां की थीं। इसके अलावा राज्य के 15 से अधिक जिले में ट्रेनिंग सेंटर भी चलाए हैं।
  • पटना में गिरफ्तारियों के बाद अब जांच NIA कर रही है। NIA ने PFI का नेटवर्क तलाशने के लिए बिहार के कई शहरों में छापेमारी भी की है।
  • पटना में जांच से जुड़े अधिकारियों ने भास्कर को बताया है कि PFI अनपढ़, बेरोजगार मुस्लिम युवाओं को टारगेट करके अपने साथ जोड़ रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवाओं को हथियार चलाने की ट्रेनिंग भी दी गई है।
  • PFI के तार विदेशों से जुड़े होने और बाहर से फंडिंग की भी जांच की जा रही है। पुलिस को PFI के अकाउंट में 90 लाख रुपए मिले हैं।
  • अतहर ने पुलिस को बताया था कि उसने 26 लोगों को ट्रेनिंग दी थी। इन सभी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। सभी पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) से भी जुड़े थे।

2007 में बना, 20 राज्यों में फैला PFI

बाबरी ध्वंस से जुड़ी हैं जड़ें: PFI की जड़ें 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद मुसलमानों के हितों की रक्षा के लिए खड़े हुए आंदोलनों से जुड़ती हैं। 1994 में केरल में मुसलमानों ने नेशनल डेवलपमेंट फंड (NDF) की स्थापना की थी। स्थापना के बाद से ही NDF ने केरल में अपनी जड़ें मजबूत कीं और इसकी लोकप्रियता बढ़ती गई और इस संगठन की सांप्रदायिक गतिविधियों में संलिप्तता भी सामने आती गई।

कोझिकोड़ हत्याकांड में मेंबर अरेस्ट हुए: साल 2003 में कोझिकोड के मराड बीच पर 8 हिंदुओं की हत्या में NDF के कार्यकर्ता गिरफ्तार हुए। इस घटना के बाद BJP ने NDF के ISI से संबंध होने के आरोप लगाए, जिन्हें साबित नहीं किया जा सका।

NDF-KDF-MNP मिलकर बना PFI: केरल के अलावा दक्षिण भारतीय राज्यों, तमिलनाडु और कर्नाटक में भी मुसलमानों के लिए काम कर रहे संगठन सक्रिय थे। कर्नाटक में कर्नाटक फोरम फॉर डिग्निटी यानी KFD और तमिलनाडु में मनिथा नीति पसाराई (MNP) नाम के संगठन जमीनी स्तर पर मुसलमानों के लिए काम कर रहे थे।इन संगठनों का भी हिंसक गतिविधियों में नाम आता रहा था। नवंबर 2006 में दिल्ली में हुई एक बैठक के बाद NDF और ये संगठन एक होकर PFI बन गए। इस तरह साल 2007 में PFI अस्तित्व में आया और आज 20 राज्यों में ये संगठन काम कर रहा है।

2009 में पॉलिटिकल और स्टूडेंट विंग बना: अब PFI एक संगठित नेटवर्क है जिसकी देश के बीस से अधिक राज्यों में मौजूदगी है। PFI की एक राष्ट्रीय समिति होती है और राज्यों की अलग समितियां होती हैं। ग्राउंड लेवल पर इसके वर्कर होते हैं। समिति के सदस्य हर तीन साल में होने वाले चुनाव से चुने जाते हैं। 2009 में PFIने अपने राजनीतिक दल SDPI और छात्र संगठन CFI (कैंपस फ्रंट ऑफ इंडिया) का गठन किया था।जैसे-जैसे PFI का प्रभाव बढ़ा, कई राज्यों के अन्य संगठन भी PFI के साथ जुड़ते चले गए। गोवा का सिटीजन फोरम, पश्चिम बंगाल का नागरिक अधिकार सुरक्षा समिति, आंध्र प्रदेश का एसोसिएशन ऑफ सोशल जस्टिस और राजस्थान का कम्युनिटी सोशल एंड एजुकेशन सोसायटी- ये सभी संगठन PFI का हिस्सा हो गए।

PFI का मुख्यालय दिल्ली में, बेस दक्षिण: देश भर में आधार बनाने के बाद PFI ने अपना मुख्यालय भी कोझिकोड से दिल्ली स्थानांतरित कर लिया। अब PFI देश के अधिकतर हिस्सों में सक्रिय है, लेकिन इसका मजबूत आधार दक्षिण भारत में ही है। हाल ही में जब कर्नाटक में हिजाब विवाद हुआ तो कैंपस फ्रंट ऑफ इंडिया और PFI ने अपनी जड़ें मजबूत करने के लिए उसका जमकर इस्तेमाल किया।

हिजाब विवाद में भी PFI का रोल: मैंगलोर, उडुपी, मंड्या और बेंगलुरु में इस संवाददाता को PFI और CFI का प्रभाव स्पष्ट नजर आया। हिजाब के लिए आंदोलन कर रहीं छात्राएं और मंड्या में नारेबाजी के बाद चर्चित हुई छात्रा ने PFI से अनुमति मिलने के बाद ही दैनिक भास्कर से बात की थी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading