पटना : बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन की नई सरकार के मंत्रिमंडल का मंगलवार को विस्तार हो रहा है. मंगलवार की शाम राज्यपाल फागू चौहान महागठबंधन के विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाएंगे.

मंत्रिमंडल में कांग्रेस को तीन सीटें देने का भरोसा नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव ने दिलाया है लेकिन इस बीच स्वतंत्रता दिवस के दिन ही कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में कांग्रेस में मंत्री पद की संख्या को लेकर कार्यकर्ताओं और बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास के बीच नोकझोंक हो गई .

इस दौरान कांग्रेस के कुछ नेता और कार्यकर्ता अपनी मर्यादा भूल गए और भक्त चरण दास को गाली गलौज तक कर दिया. दरअसल कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता कांग्रेस को केवल तीन सीटें मिलने पर बेहद खफा दिख रहे थे. बिहार कांग्रेस के पूर्व महासचिव मोहम्मद गयासुद्दीन खान की अगुवाई में कांग्रेस के कार्यकर्ता मांग कर रहे थे कि कांग्रेस को कम से कम 5 सीटें मिलनी चाहिए क्योंकि हम के 4 विधायकों पर उन्हें एक मंत्री पद से नवाजा जा रहा है.

भक्त चरण दास जैसे ही तिरंगा मार्च के लिए सदाकत आश्रम से बाहर निकलने लगे इन कार्यकर्ताओं से उनकी कहासुनी हो गई.हालांकि बाद में वहां मौजूद पार्टी के दूसरे वरिष्ठ नेताओं ने बिहार कांग्रेस प्रभारी को किसी तरह बाहर निकाला ताकि तिरंगा मार्च में शामिल हो सकें लेकिन गयासुद्दीन खान और आपात खान जैसे नेताओं ने जिस तरीके से विरोध जताना शुरू किया वैसे मैं वहां पर माहौल अफरा-तफरी का बन गया.

इन दोनों नेताओं ने मीडिया में खुलकर अपनी आपत्ति जताई और अपमानजनक टिप्पणी करने से भी गुरेज नहीं किया. आमतौर पर कांग्रेस अनुशासित पार्टी मानी जाती है लेकिन जिस तरीके से आज कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में तस्वीर सामने आई उससे कई सवाल खड़े हो गए.


