मुजफ्फरपुर में बुधवार रात MIT छात्र और पुलिस भिड़ंत मामले में सिपाही रमीज रजा के बयान पर चार नामजद और सौ अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज किया गया। तीन छात्रों को गिरफ्तार किया गया। दो को जेल भेज दिया गया। जबकि निकेत नाम का छात्र कोरोना पॉजिटिव निकला तो उसे SKMCH में एडमिट किया गया है। पुलिस उसकी अभिरक्षा में तैनात है।

इधर, MIT छात्र और पुलिस भिड़ंत से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया। दरअसल, सोशल मीडिया पर तेजी से एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें सिपाही रमीज रजा सरेआम हाथ में पिस्टल लिए लहरा रहा है। उसे MIT के छात्र घेरे हुए हैं। छात्र आक्रोशित हैं और उसे सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर अपने पिस्टल क्यों निकाला। कहासुनी होते-होते बात बढ़ जाती है।

इसी दौरान छात्र उससे पिस्टल छीन लेते हैं और उसे MIT कैम्पस में खींचकर ले जाते हैं। जहां उसकी जमकर पिटाई कर देते हैं। फिर वह किसी तरह वहां से बचकर निकलता है और पुलिस लाइन में अपने साथी जवानों को घटना की जानकारी देता है।
लाठी-डंडे और छत से करते पथराव
ब्रह्मपुरा थोन को दिये आवेदन में सिपाही रमीज ने बताया है कि वह अपनी बाइक से सिपाही अजय पासवान के साथ लौट रहा था। सदर थाना के दिघरा स्थित चेक पोस्ट पर प्रतिनियुक्ति थी। वह पुलिस लाइन में सेवा पुस्तिका शाखा में कार्यरत है। इस दौरान 30-35 छात्रों ने उसे रुकने का इशारा किया।

वह रुक गया। पूछने लगा कि क्यों रोका है। इसी बात को लेकर सब उसपर भड़क उठे और मारपीट करने लगे। वह जब अपने साथियों को लेकर पहुंचा तो कॉलेज के छात्र लाठी डंडे से पीटने लगे। कुछ छात्र छत आए पथराव कर रहे थे। इसमे एक दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद SSP जयंतकांत समेत काफी संख्या में पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर उपद्रवी छात्रों को खदेड़कर भगाया।
ये तीनों हुए गिरफ्तार
सिपाही रमीज के बयान पर बेगूसराय जिले के तेघरा थाना क्षेत्र के दुलारपुर गांव छात्र प्रद्युमन कुमार, गया के बाके बाजार थाना क्षेत्र के तिलैया गांव के छात्र निकेत कुमार और बांका जिला के बाराहाट थाना क्षेत्र के छात्र ऋषि कुमार को गिरफ्तार किया गया है। जबकि अन्य की पहचान वीडियो और फ़ोटो से की जा रही है।

सिपाही पर भी हो सकती कार्रवाई
पुलिस पदाधिकारियों की माने तो सिपाही रमीज रजा पर भी कार्रवाई हो सकती है। छात्रों के साथ वह कैसे उलझा। यह जांच का विषय है। जांच में दोषी पाये जाने पर रमीज और अजय दोनों खिलाफ कार्रवाई होगी। बताया जाता है कि वह छात्रों को डराने के लिए सर्विस पिस्टल भी निकाल लिया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल रमीज रजा के पिस्टल को ब्रह्मपुरा पुलिस ने जब्त कर लिया है। कोर्ट के अनुमति पर ही उसे रिलिज किया जाएगा।

SSP जयंतकांत ने बताया कि सिपाही के साथ मारपीट में चार नामजद और सौ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तीन छात्रों में से दो को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। एक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उसे पुलिस अभिरक्षा में क्वारंटानइ कराया गया है। अन्य की तलाश जारी है।


