मुजफ्फरपुर। एसकेएमसीएच के इंटर्न डॉक्टरों ने अस्पताल की ओपीडी सेवा चौथे दिन भी बाधित रखी। इंटर्नशिप कर रहे 99 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन काउंटर को बंद करा दिया और सरकार के विरोध में नारेबाजी की।
उन लोगों ने कहा है कि सरकार स्टाइपेंड बढ़ाएगी, तभी ओपीडी सेवा चालू करेंगे। इंटर्न डॉक्टरों ने कहा है कि उन्हें स्टाइपेंड 15 हजार रुपए मिल रहा है, जो बढ़नी चाहिए। एक राज्य में दोहरी नीति नहीं चलेगी।
एम्स और आईजीआईएमएस के तर्ज कर उनका स्टाइपेंड बढ़नी चाहिए। दूसरी तरफ, ओपीडी बंद होने से दूर-दूर से आए मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि अधीक्षक के आदेश पर पूर्व में रजिस्ट्रेशन कराए मरीजों का सीनियर डॉक्टरों ने इलाज किया। अस्पताल अधीक्षक के समझाने के बाद भी इंटर्न डॉक्टर नहीं मान रहे हैं।
अधीक्षक डॉ. बाबू साहब झा ने बताया है कि 99 इंटर्नशिप डॉक्टर उनके यहां कार्यरत हैं। सभी की सूची स्वास्थ्य विभाग को भेज दी गई है। जो लोग विभाग में हाजिरी नहीं बना रहे हैं, उनकी उपस्थिति विवरणी विभागाध्यक्ष स्तर से मंगाकर भेजी जा रही है।
