बिहार में एक बार फिर छात्रों ने नीतीश सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पटना में बीएड और डीएलएड डिग्री धारक आंदोलन पर उतर आए हैं। छात्रों ने शुक्रवार को पटना में गांधी मूर्ति से डाक बंगला चौराहा की ओर मार्च निकाला।

इस दौरान बिस्कोमान के सामने पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। छात्रों की नीतीश सरकार से मांग है कि सातवें चरण की शिक्षक बहाली में उन्हें शामिल करने के लिए पहले बीटीईटी पात्रता परीक्षा ली जाए। पिछले दिनों शिक्षक अभ्यर्थियों और बीपीएससी उम्मीदवारों ने भी पटना में प्रदर्शन किया था।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को बड़ी संख्या में बीएड और डीएलएड धारी छात्र गांधी मूर्ति पर इकट्ठा हुए। वे नारेबाजी करते हुए डाक बंगला चौहारा की ओर बढ़े। पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इस दौरान मौके पर गहमागहमी का माहौल हो गया।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि राज्य सरकार सातवें चरण की शिक्षक भर्ती निकालने वाली है। वे चाहते हैं कि उन्हें भी इसमें शामिल किया जाए। इसके लिए शिक्षक बहाली शुरू करने से पहले बीटीईटी एग्जाम आयोजित किया जाए, ताकि उन्हें भी सातवें चरण की शिक्षक बहाली में हिस्सा लेने का मौका मिल सके।

बीटीईटी पास अभ्यर्थी कर रहे शिक्षक बहाली जल्द शुरू करने की मांग
दूसरी ओर, सीटीईटी और बीटीईटी पास अभ्यर्थी लगातार नीतीश सरकार से सातवें चरण की शिक्षक बहाली जल्द शुरू करने की मांग कर रहे हैं। पिछले दिनों शिक्षक अभ्यर्थियों ने पटना में प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पुलिस-प्रशासन ने लाठीचार्ज कर दिया था। इस मुद्दे पर सरकार की किरकिरी भी हुई थी। शिक्षक अभ्यर्थियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर 5 सितंबर तक सातवें चरण की बहाली प्रक्रिया नहीं शुरू की गई, तो पूरे बिहार में लाखों छात्र आंदोलन पर उतर आएंगे।





