बरूराज थाने के कोरिगावा गांव निवासी 22 वर्षीय संजीत कुमार की अपहरण के बाद उसकी हत्या प्रेमिका ने गला दबा कर की थी। घटना काे अंजाम देने में प्रेमिका के पति समेत 5 अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस ने प्रेमिका व उसके पति समेत 4 को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पूर्वी चंपारण के राजेपुर निवासी रूबी कुमारी, बरूराज निवासी सोनेलाल शर्मा, कंचन कुमार, मंतोष कुमार शामिल हैं।

मामले का खुलासा एसएसपी की ओर से बनाई गई टीम ने किया है। मंगलवार काे डीएसपी पश्चिमी अभिषेक आनंद ने बताया कि सीडीआर व कॉल डिटेल में पता चला कि रूबी व संजीत के बीच प्रेम-प्रसंग था। इस बीच रूबी की शादी हो गई। शादी के बाद रूबी के पति को इसकी भनक लग गई। उसके बाद रूबी के साथ मिलकर संजीत की हत्या की साजिश रची गई। रूबी ने उसे फाेन कर सुनसान जगह बुलाया था।

पिता ने अपहरण की कराई थी प्राथमिकी, दूसरे दिन शव मिला
28 अगस्त की रात संजीत की हत्या हुई थी। शव अगले दिन मिला था। वह हत्या की रात देवघर से लौटा और खाना खाकर सोने चला गया था। अगले दिन परिजन जब उठे तो वह गायब था। पिता ने बरूराज थाने में जमीन विवाद में अपहरण की बात एफआईआर कराई। अगले दिन उसका शव घर से महज 500 मीटर पर मिला था। शव की पहचान नहीं हो, इसे लेकर तेजाब डालने की कोशिश की गई थी।






