नगर पालिका चुनाव:निष्पक्ष व भयमुक्त चुनाव और विधि व्यवस्था बनाए रखने को चलेगा अभियान

मुजफ्फरपुर। नगर पालिका चुनाव-2022 काे निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने और विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए अलग से विशेष अभियान चलाया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ने इसके लिए सभी डीएम सह जिला निर्वाचन अधिकारी, एसएसपी और एसपी काे विशेष अभियान चला कर इसकी अलग रिपोर्ट भेजने काे कहा है। आयोग ने कुल 11 प्रकार का अभियान चलाने काे कहा है।

नगर पालिका क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता के पालन और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए मतदान हाेने तक अभियान चलाए जाएंगे। निष्पक्ष, स्वच्छ एवं भयमुक्त चुनाव के लिए अपराधी और उपद्रवी तत्वों पर विशेष रूप से नकेल कसने काे कहा गया है। आयोग ने मतदान केंद्रों पर कब्जा राेकने और अन्य उपायों काे लेकर राेड मैप तैयार करने का निर्देश दिया है।

आपराधिक मामलों का डाटाबेस तैयार करने काे भी कहा गया है। सभी लंबित, गैर जमानती वारंटी एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस गश्त तेज करने का निर्देश दिया गया है।

लाइसेंसी हथियारों के सत्यापन के साथ नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चुनावी हिंसा राेकने के लिए रणनीति बनाने काे कहा है। इस दाैरान विधि व्यवस्था के संधारण के लिए किए प्रयासों की अलग रिपोर्ट देने काे कहा गया है।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव मुकेश कुमार सिन्हा ने सभी डीएम से कहा है कि अधिसूचना जारी हाेने के बाद नामांकन प्रक्रिया जल्द ही शुरू हाेगी।

इसे देखते हुए नगर पालिका चुनाव निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए अब तक के गैर जमानती वारंटी काे नामांकन के बाद तत्काल गिरफ्तार करने काे कहा है।

इसके लिए सभी थाना प्रभारी या उनके द्वारा नामित पदाधिकारियों काे नामांकन स्थल पर मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। एेसा किसी भी गैर जमानती वारंटी काे नामांकन के बाद वहीं से गिरफ्तार करने के लिए किया जा रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading