सीतामढ़ी के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू वर्चुअल बात करेंगी। डुमरा के लगमा में स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में इसके लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें डीएम मनेश कुमार मीणा, डीडीसी विनय कुमार, सिविल सर्जन डा. सुरेश चंद्र लाल, जिला यक्ष्मा अधिकारी डा. मनोज कुमार, जिला यक्ष्मा केंद्र से जुड़े कर्मी, आशा, एएनएम समेत अन्य राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से वर्चुअल तरीके से मुखातिब होंगे। जिला प्रशासन इस कार्यक्रम के लिए पूरी तैयारी कर चुका है।

दरअसल, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के शुभारंभ पर अलग-अलग राज्यों के प्रतिनिधि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ संवाद करेंगे। इसके लिए बिहार के तीन जिलों के प्रतिनिधियों का चयन किया गया है। इनमें से एक सीतामढ़ी जिला हैं।लगमा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में कार्यरत कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर प्रणव कुमार में राष्ट्रपति के साथ संवाद कार्यक्रम को लेकर जबरदस्त उत्साह है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ संवाद में प्रणव कुमार टीबी उन्मूलन के लिए किए जा रहे कार्यों को बताएंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2025 तक देश से टीबी उन्मूलन के मिशन को फिर से जीवंत करने के लिए 9 सितंबर को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ करेंगी।

राष्ट्रपति नि-क्षय मित्र पहल का भी शुभारंभ करेंगी जो अभियान का एक महत्वपूर्ण घटक है। इस दौरान वर्चुअल संवाद के जरिए लगमा कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) मनोज कुमार से भी उनके आइडियाज से रूबरू होंगी।

इस मौके पर राष्ट्रपति हेल्थ एन्ड वेलनेस सेंटर को वर्चुअली देखेंगी और टीबी मरीजों से भी बात करेंगी। जिले में अभी 2508 टीवी मरीजों का इलाज चल रहा है। इसमें सबसे अधिक मरीज 1465 डुमरा में हैं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2018 में 2030 तक के लिए निर्धारित एसडीजी लक्ष्य से पांच साल पहले देश में टीबी को समाप्त करने का आह्वान किया था।




