दरभंगा में लहेरियासराय थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों की दबिश बढ़ चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां की पुलिस प्रशासन सुस्त बैठी है। आए दिन यहां अलग-अलग चोरी की घटनाओं को चोर आसानी से अंजाम दे रहे हैं। शुक्रवार को दो अलग-अलग घटनाओं में चोर को दबोच कर स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। दोपहर में एक बाइक चोर को रंगे हाथों दबोच ने के बाद स्थानीय लोगों ने एक बच्चा चोर को बच्चे को लेकर जाते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।

घटना लहेरियासराय थाना क्षेत्र के आनंद मार्ग स्थित आदर्श मध्य विद्यालय के समीप का है। जहां स्थानीय लोगों ने एक पागल की वेशभूषा में शख्स को बच्चे के साथ जाते देखा। शक के आधार पर जब उसे रोककर स्थानीय लोगों ने पूछताछ शुरू की तो वह शख्स वहां से भागने लगा।

इस पर लोगों ने उसका पीछा कर उसे दबोच लिया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की। पूछताछ करने पर बच्चा अपना नाम पता नहीं बता पा रहा था, लेकिन संयोगवश बच्चे की मां अपने छोटे बच्चे को विद्यालय से लेकर वापस घर लौट रही थी।

लौटने के क्रम में रास्ते पर लोगों की भीड़ देख महिला जब वहां पहुंची तो पाया कि चोर उसके ही बच्चे को चुरा कर भागा जा रहा था। चोर को स्थानीय लोगों ने लहेरियासराय थाना को सुपुर्द कर दिया। महिला ने बताया कि वह खाजासराय स्थित एक किराए के मकान में रहती है। उसका बेटा सुशांत स्कूल से घर आया। इसके बाद वह उसे नानी के पास रहने के लिए बोल कर अपने छोटे बेटे को विद्यालय से लाने चली गई।
इतने में पागल के वेश में पहुंचा बच्चा चोर उसके बेटे को कैसे चुराकर ले जा रहा था इसकी कोई जानकारी नही है। हालांकि इस संदर्भ में पूछे जाने पर लहेरियासराय थानाध्यक्ष ने कुछ भी बताने से इंकार करते हुए कहा कि उसे मीडिया को बयान देने का अनुमति वरीय अधिकारी की ओर से नहीं दिया गया है। चोर की पहचान अब तक प्रशासन ने उजागर नहीं किया है।


