सीवान :बिहार के सीवान में प्रवचन सुनने के लिए दुर्गा पंडाल आए एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी. दरअसल, नौतन थाना क्षेत्र के नौतनगढ़ स्थित दुर्गा पंडाल में प्रवचन चल रहा था. प्रवचन को सुनने के लिए मनीष कुमार नाम का एक युवक भी पहुंचा था. इसी दौरान किसी से उसकी कहासुनी हो गयी. जिसके बाद दो दर्जन की संख्या में आए बदमाशों ने युवक को निशान बनाने के लिए दुर्गा पंडाल में ही फायरिंग शुरू कर दी.
इलाज के लिए घायल युवक पटना रेफर
फायरिंग के दौरान गोली लगने से युवक घायल हो गया. जबकि दुर्गा पंडाल में भगदड़ मच गयी. युवक को गोली मारने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए. आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सदर अस्पताल भेज दिया. लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने युवक की नाजुक हालत देखते हुए पटना रेफर कर दिया. घायल युवक मनीष कुमार (22) पिता प्रताप सिंह हसुआ गांव का निवासी है.
युवक की हुई थी गांव के लोगों से कहासुनी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायल युवक की नौतनगढ़ गांव के कुछ लोगों से कहासुनी हुई थी. जिसके बाद दो दर्जन की संख्या में दुर्गा पंडाल पहुंचे बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी. गोली चलने की आवाज सुनते होते ही लोग अपनी जान बचाने इधर-उधर भागने लगे. इधर, बदमाशों ने युवक को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए. इधर, मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गयी है. पुलिस का मानना है कि यह मामला आपसी रंजिश का है.



